

PM Narendra Modi 25 Years 25 Achievements: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सरकार के मुखिया के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। साल 2001 से 2026 तक की अपनी ऐतिहासिक जनसेवा यात्रा पूरी करने के बाद भी आगे की यात्रा उसी उर्जा व जोश के साथ जारी है।
7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से लेकर लगातार तीन बार देश के प्रधानमंत्री पद का दायित्व संभालने तक, उनका यह सफर 'राष्ट्र प्रथम, नागरिक प्रथम' और 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प पर आधारित रहा है। इस ऐतिहासिक मील के पत्थर पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक विशेष प्रस्ताव पारित कर उनके असाधारण नेतृत्व और देश की कायाकल्प करने वाले ऐतिहासिक निर्णयों की सराहना की है।
मोदी की जनसेवा के इन 25 वर्षों की 25 सबसे बड़ी ऐतिहासिक और युगांतकारी उपलब्धियां गिनायी जा सकती हैं, जिसके दम पर उनकी कार्यशैली, कार्यकुशलता और दूरगामी सोच की सराहना की जा रही है। आइए डालते हैं इन पर एक नजर....
1. अनुच्छेद 370 का खात्मा: अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A को निरस्त कर 'एक देश, एक विधान' के सपने को साकार किया। घाटी में आतंकवाद पर लगाम कसी और उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ा।
2. राम मंदिर का शांतिपूर्ण निर्माण: अयोध्या में सदियों पुराने प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। बिना किसी सामाजिक अशांति के जनवरी 2024 में रामलला की ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा संपन्न की गई।
3. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिला आरक्षण: संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करने वाले इस कानून को पारित कर देश में महिला नेतृत्व के नए युग की शुरुआत की।
4. ट्रिपल तलाक से मुक्ति: मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के अभिशाप से मुक्ति दिलाने के लिए कड़ा कानून बनाकर उन्हें सामाजिक गरिमा और कानूनी सुरक्षा प्रदान की।
5. नए कानूनों वाली भारतीय न्याय संहिता: गुलामी के प्रतीक अंग्रेजों के जमाने के कानूनों (IPC, CrPC) को बदलकर आधुनिक, न्याय-केंद्रित और तकनीक-अनुकूल नए आपराधिक कानून लागू किए।
6. नागरिकता संशोधन कानून (CAA): पड़ोसी देशों (पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान) में धार्मिक उत्पीड़न के शिकार अल्पसंख्यक शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने का ऐतिहासिक वादा पूरा किया।
7. जीएसटी और कर सुधार: 'एक देश, एक टैक्स' के सिद्धांत पर देश में वस्तु एवं सेवा कर (GST) लागू किया, जिसने राज्यों के बीच व्यापार बाधाओं को खत्म किया और टैक्स सिस्टम को पारदर्शी बनाया।
8. डिजिटल इंडिया और UPI: भारत में फिनटेक क्रांति की शुरुआत कर डिजिटल पेमेंट की दुनिया में देश को वैश्विक स्तर पर शीर्ष पर पहुंचाया। आज देश की छोटी से छोटी दुकानों से लेकर मॉल तक अरबों रुपये का लेन-देन UPI और क्यूआर कोड के माध्यम से चुटकियों में हो रहा है।
9. बैंकिंग सुधार की जनधन योजना: 50 करोड़ से अधिक गरीबों के शून्य बैलेंस बैंक खाते खोले गए, जिससे Financial Inclusion हुआ। JAM (जनधन-आधार-मोबाइल) ट्रिनिटी के जरिए बिचौलियों का अंत हुआ।
10. 25 करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति: नीति आयोग और वैश्विक रिपोर्टों के अनुसार, बीते एक दशक में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी के चक्रव्यूह से बाहर निकले हैं, जो वैश्विक इतिहास में एक रिकॉर्ड है।
11. आयुष्मान भारत : इसको दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना कहते हैं। देश के गरीब परिवारों और अब 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
12. मुफ्त राशन योजना : कोरोना महामारी के दौरान शुरू हुई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक देशवासियों को हर महीने मुफ्त राशन देकर देश को भुखमरी के संकट से बचाया।
13. पीएम आवास योजना : 'हर गरीब का अपना घर' के संकल्प के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाकर दिए गए।
14. पीएम उज्ज्वला योजना: करोड़ों गरीब महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन देकर लकड़ी के धुएं और उससे होने वाली बीमारियों से मुक्ति दिलाई।
15. जल जीवन मिशन से हर घर जल का सपना: देश के ग्रामीण क्षेत्रों में नल से साफ पीने का पानी पहुंचाने के लिए मिशन मोड पर काम हुआ, जिससे करोड़ों घरों तक पहली बार पाइप से पानी पहुंचा।
16. स्वच्छ भारत अभियान: देश के करोड़ों घरों में शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान और गरिमा प्रदान की। स्वच्छता को देश के जन-आंदोलन में तब्दील कर दिया।
17. मेक इन इंडिया और PLI योजना: भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए पीएलआई स्कीम्स लॉन्च की गईं, जिससे 14 से अधिकक्टर्स में भारी निवेश और रोजगार पैदा हुए। रक्षा उत्पादन और निर्यात में भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा।
18. सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा और सर्जिकल स्ट्राइक: सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ उरी और पुलवामा हमलों के बाद 'सर्जिकल स्ट्राइक' और 'एयर स्ट्राइक' जैसी कड़ी सैन्य कार्रवाई कर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में 'जीरो टॉलरेंस' का संदेश दिया।
19. पीएम किसान सम्मान निधि: देश के 11 करोड़ से अधिक छोटे और सीमांत किसानों के खातों में सीधे सालाना 6,000 रुपये ट्रांसफर कर सीधे वित्तीय मदद दी गई।
20. सहकार से समृद्धि (नया मंत्रालय): वर्ष 2021 में एक अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन कर देश के ग्रामीण अर्थतंत्र को मजबूती दी गई और पैक्स (PACS) का कंप्यूटरीकरण किया गया।
21. अभूतपूर्व इंफ्रास्ट्रक्चर वाली सोच- हाईवे और वंदे भारत: नेशनल हाईवे नेटवर्क में रिकॉर्ड वृद्धि हुई । स्वदेशी सेमी-हाई स्पीड 'वंदे भारत' ट्रेनों की शुरुआत कर भारतीय रेलवे का कायाकल्प किया जा रहा है। यह नेटवर्क 91,000 किमी से बढ़कर 1.46 लाख किमी से अधिक हो गया है।
22. उड़ान योजना से बनाया हवाई अड्डों का जाल: देश में चालू हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी से अधिक होकर 157 पहुंच गई है। आम नागरिक के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया गया।
23. नई शिक्षा नीति से बदलाव: भारतीय मूल्यों और AI व कोडिंग जैसी आधुनिक तकनीक के समावेश के साथ 34 साल बाद देश की शिक्षा व्यवस्था में युगांतकारी सुधार कर नई शिक्षा नीति लागू की गई।
24. सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दूरगामी सोच: काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, केदारनाथ धाम के जीर्णोद्धार से लेकर योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाकर भारत के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्स्थापित किया।
25. वैश्विक मंच पर 'विश्वमित्र' की छवि सुधारने की पहल: भारत को ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बनाना, सफल G20 की अध्यक्षता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वैश्विक संकटों के समाधानकर्ता के रूप में भारत की प्रतिष्ठा को शीर्ष पर पहुंचाना पीएम मोदी के कार्यकाल की सबसे बड़ी रणनीतिक उपलब्धि है।
इस तरह से देखा जाए तो गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 'गुजरात मॉडल' की नींव रखने से लेकर देश को 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की ओर अग्रसर करने तक, नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष केवल राजनीतिक दीर्घायु की गाथा नहीं हैं, बल्कि यह देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन को बदलने की कोशिश में उनकी पहल जारी है। उनकी इस पहल को देश के लोगों द्वारा सराहा जा रहा है और सपोर्ट भी किया जा रहा है।