Salman Khan Cameo Raja Shivaji: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार किसी बड़ी फिल्म की लीड भूमिका नहीं, बल्कि एक खास कैमियो को लेकर। राजा शिवाजी में उनका फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर लीक होते ही वायरल हो गया है। फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सलमान खान का लुक पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है। भगवा कुर्ता, सिर पर पगड़ी, माथे पर तिलक और घनी मूंछों के साथ उनका यह अवतार दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। हालांकि फिल्म में उनका किरदार क्या है, इसे लेकर अभी तक मेकर्स ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। लेकिन उनके इस शाही अंदाज ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म के लीड एक्टर और डायरेक्टर रितेश देशमुख ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उन्होंने सलमान खान को इस फिल्म के लिए अप्रोच नहीं किया था। रितेश के मुताबिक, नए साल के मौके पर जब दोनों की मुलाकात हुई तो सलमान ने खुद फिल्म के बारे में पूछा। जब रितेश ने बताया कि उन्होंने उनके बारे में नहीं सोचा, तो सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मेरे बिना फिल्म नहीं बन सकती, मुझे इसमें होना ही होगा। यही बातचीत आगे बढ़ी और आखिरकार सलमान इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन गए।
राजा शिवाजी एक ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन, जेनेलिया देशमुख, संजय दत्त, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान और अमोले गुप्ते जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं। यह फिल्म मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के शुरुआती जीवन पर आधारित है, जिसमें उनके संघर्ष और नेतृत्व को दिखाया गया है।
सलमान खान का यह कैमियो भले ही छोटा हो, लेकिन उनके फैंस के लिए यह किसी सरप्राइज से कम नहीं है। फिल्म रिलीज होते ही उनका लुक इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगा और दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा गया। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस ऐतिहासिक फिल्म में सलमान खान का यह छोटा सा रोल कहानी में कितना बड़ा असर डालता है और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को कितना फायदा पहुंचाता है।