Highlights
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' और श्रद्धा कपूर की 'ईठा' 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होंगी।
दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस क्लैश पर सलमान ने श्रद्धा कपूर से माफी मांगी।
सलमान ने कहा कि उन्हें पहले क्लैश की जानकारी होती तो वह फिल्म रिलीज नहीं करते।
Salman Khan Apology To Shraddha Kapoor: सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' भी बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। ऐसे में दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस क्लैश को लेकर सलमान खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सलमान ने कहा कि वह कभी किसी दूसरी फिल्म के साथ अपनी फिल्म का टकराव नहीं चाहते। इतना ही नहीं, सलमान खान ने इस क्लैश के लिए श्रद्धा कपूर से माफी भी मांगी है। फिल्म 'मातृभूमि' के प्रमोशन के सिलसिले में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह मीडिया के राइजिंग समिट 2026 में पहुंचे थे। यहां उनसे 'ईठा' और 'मातृभूमि' की एक ही दिन रिलीज को लेकर सवाल किया गया।
चित्रांगदा सिंह ने श्रद्धा कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छी अभिनेत्री हैं और दोनों ही फिल्में अच्छी हैं। उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों से दोनों फिल्मों को प्यार मिलेगा। वहीं, सलमान खान ने भी 'ईठा' के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले से इस क्लैश की जानकारी होती तो वह अपनी फिल्म को उस दिन रिलीज नहीं करते। सलमान ने बताया कि उन्होंने श्रद्धा कपूर से बात करके माफी भी मांगी है।
सलमान ने फिल्म की रिलीज डेट तय करने के पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि पहले 'मातृभूमि' को 27 नवंबर को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन उस दौरान सूरज बड़जात्या की फिल्म आने वाली थी। इसके बाद 24 दिसंबर को शाहरुख खान की फिल्म की रिलीज की चर्चा थी। सलमान ने कहा कि वह शाहरुख की फिल्म के साथ भी टकराव नहीं चाहते थे।
इसके अलावा 26 जनवरी के आसपास रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट की फिल्म आने वाली है। सलमान ने साफ किया कि वह इन फिल्मों के साथ भी क्लैश नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से 'मातृभूमि' की रिलीज के लिए 4 दिसंबर की तारीख चुनी गई।
'मातृभूमि' में भारतीय जवानों की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। वहीं, श्रद्धा कपूर की 'ईठा' मराठी लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। अब 4 दिसंबर को दोनों फिल्में सिनेमाघरों में आमने-सामने होंगी।