Rashmika Mandanna Maisa Teaser Out: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मासूमियत और बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाली रश्मिका मंदाना अब एक बिल्कुल अलग रास्ते पर निकल पड़ी हैं। मेकर्स ने उनकी फिल्म ‘मैसा’ की पहला टीजर दर्शकों के सामने पेश कर दिया है। बड़े पर्दे पर अक्सर शांत और चुलबुली भूमिकाओं में नजर आने वाली रश्मिका इस बार जबरदस्त बदले हुए तेवर में दिख रही हैं।
टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का माहौल गर्म हो गया है। सिनेमा प्रेमी इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक एक्ट्रेस अपनी स्थापित छवि को पूरी तरह से तोड़कर इतना खौफनाक और निडर रूप अख्तियार कर सकती है।
फिल्म मैसा की कहानी का मूल केंद्र एक मजबूत और भावुक पिता-बेटी का रिश्ता है। हालांकि यह पारंपरिक फिल्मों जैसा कतई नजर नहीं आता। टीजर की हर एक फ्रेम में रश्मिका मंदाना का रफ-टफ अंदाज और उनका गुस्सा साफ तौर पर झलकता है। वह अपने रोल में इतनी गहराई से डूबी हुई नजर आ रही हैं कि दर्शकों की सांसें थम जाती हैं।
आदिवासियों के इलाके की कहानी पर रची गई यह कहानी मुख्य रूप से भावनाओं, बदले और भयंकर संघर्ष का एक अनूठा संगम पेश करती है। इसमें दिखाया गया है कि जब एक बेटी पर मुसीबत आती है या बात परिवार के सम्मान की होती है, तो वह किस हद तक जा सकती है।
इस बड़े पैमाने की सिनेमैटिक पेशकश के पीछे डायरेक्टर रविंद्र पुल्ले की कड़ी मेहनत और विजन दिखाई देता है। 'सीता रामम' जैसी फेमस फिल्म में अपने बेहतरीन काम से पहचान बना चुके रविंद्र ने इस बार एक्शन और ड्रामा का एक नया पैमाना तय किया है। फिल्म मैसा के टीजर में दिखाए गए सीन का संयोजन इतना सटीक है कि हर सीन अपने आप में एक कहानी बयां करता है।
वहीं दूसरी ओर फेमस संगीतकार जेक्स बेजॉय का बैकग्राउंड संगीत इस पूरे अनुभव को कई गुना ज्यादा प्रभावशाली बना देता है। उनका फास्ट और एनर्जेटिक म्यूजिक टीजर के हर मोड़ पर एक अजीब सा रोमांच पैदा करता है, जो दर्शकों को लास्ट तक बांधे रखने में सफल होता है।
फिल्म मैसा केवल एक साधारण फिल्म नहीं है, बल्कि इसे भारत की पहली महिला-केंद्रित पैन-इंडिया सिनेमाई पेशकश के रूप में तैयार किया गया है। अनफॉर्मुला फिल्म्स के बैनर तले बनी यह एक्शन-थ्रिलर हर भाषा के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। रश्मिका मंदाना के करियर के लिहाज से भी इस फिल्म को एक बहुत बड़ा मोड़ माना जा रहा है।