Vashu Bhagnani IT Raid: फिल्म इंडस्ट्री से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। आयकर विभाग ने फिल्म मेकिंग से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों और कंपनियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस बड़ी कार्रवाई के तहत फेमस एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह, जाने-माने निर्माता वासु भगनानी और फेमस प्रोडक्शन हाउस पैनोरमा स्टूडियोज पर शिकंजा कसा गया है। फिल्मों के निर्माण और वित्तीय लेनदेन में कथित हेरफेर तथा कर चोरी के शक में यह कार्रवाई की गई है। मुंबई समेत देश के कई अन्य ठिकानों पर आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं।
मिली जानकारियों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध पैसों की लेन-देन से जुड़ी हुई है। आयकर विभाग को ऐसी खबरें मिली थीं कि कुछ बड़ी फिल्मों के बजट और कागजी लेनदेन में भारी हेरा-फेरी की गई है।
इसके अलावा पैसों के हेरफेर और टैक्स छुपाने की आशंका के आधार पर अधिकारियों ने यह सख्त कदम उठाया है। सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरे बॉलीवुड में खलबली मच गई है और कई अन्य प्रोडक्शन बैनर भी सतर्क नजर आ रहे हैं।
आयकर विभाग की रेड में मुख्य रूप से फेमस एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और फिल्म निर्माता वासु भगनानी के साथ-साथ जैकी भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट से जुड़े ठिकाने शामिल हैं।
इसके अलावा अजय देवगन के सहयोग से कई बड़ी फिल्में बनाने वाले पैनोरमा स्टूडियोज पर भी आयकर अधिकारियों ने रेड की है। विभाग की टीमें संबंधित परिसरों में जाकर वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड्स और हाल ही में रिलीज हुई फिल्मों के एग्रीमेंट्स की गहनता से जांच कर रही हैं।
अचानक हुई इस रेड के बाद से फिल्म इंडस्ट्री के गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि अभी तक किसी भी मेकर्स, स्टार्स या उनकी टीम की तरफ से इस रेड को लेकर कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया गया है।
आयकर विभाग के अधिकारी भी अपनी कागजी कार्रवाई पूरी होने तक पूरी तरह से गोपनीयता बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग इस मामले में आधिकारिक जानकारी शेयर कर सकता है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।