Rajkummar Rao Prahaar Teaser Release: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव एक बार फिर एक गंभीर और वास्तविक घटना पर आधारित किरदार के साथ दर्शकों के सामने आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का टीजर रिलीज हो गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है।
यह फिल्म देश के चर्चित सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और उनके करियर के सबसे महत्वपूर्ण मुकदमों में से एक, 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब के केस पर आधारित है। रिलीज हुए टीजर की शुरुआत राजकुमार राव की आवाज से होती है। बैकग्राउंड में अदालत, पुलिस कार्रवाई और 26/11 हमले से जुड़े घटनाक्रम की झलक दिखाई जाती है।
टीजर में राजकुमार कहते हैं कि पिछले डेढ़ साल में इस केस के चलते बहुत बार लोगों ने मुझसे पूछा कि जब फोटो और वीडियो में सब साफ दिखाई दे रहा है, तो हम कसाब को फांसी क्यों नहीं दे रहे। इस संवाद के साथ ही टीजर दर्शकों को उस कानूनी लड़ाई की तरफ ले जाता है, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था। मेकर्स ने कहानी के अहम हिस्सों को अभी छिपाकर रखा है।
फिल्म में राजकुमार राव ने उज्ज्वल निकम का किरदार निभाया है। टीजर में उनका लुक, बॉडी लैंग्वेज और संवाद अदायगी काफी प्रभावशाली नजर आ रही है। उन्होंने इस भूमिका के लिए खुद को पूरी तरह ढालने की कोशिश की है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स उनके ट्रांसफॉर्मेशन और अभिनय की सराहना कर रहे हैं। 'प्रहार' केवल एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं है, बल्कि यह उस ऐतिहासिक मुकदमे की कहानी है जिसने भारत की न्याय व्यवस्था और आतंकवाद के खिलाफ कानूनी लड़ाई को नई पहचान दी।
फिल्म में दिखाया जाएगा कि किस तरह उज्ज्वल निकम ने सरकार की ओर से पैरवी करते हुए अजमल कसाब को सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाई। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। इसमें राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।