

Ajay Devgn Film Chauhan First Look: बॉलीवुड स्टार अजय देवगन एक बार फिर अपने दमदार और एक्शन से भरपूर अंदाज में दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘चौहान’ का फर्स्ट लुक वीडियो रिलीज हो गया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। वीडियो में अजय देवगन का इंटेंस अवतार, दमदार डायलॉग्स और देशभक्ति से जुड़ा माहौल दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।
फर्स्ट लुक वीडियो की शुरुआत कश्मीर की वादियों और तनावपूर्ण माहौल के सीन्स से होती है। बैकग्राउंड में सुनाई देता है कि चौराहे पर 300 लड़के थे जनाब, घर सिर्फ 270 पहुंचे 30 कम हैं फिल्म के गंभीर और इमोशनल विषय की ओर इशारा करता है। इसके बाद अजय देवगन की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहते हैं कि गलती हमारी नहीं थी, ऑर्डर्स ऊपर से आए थे। ईंट का जवाब पत्थर से, पर सामने वाला पत्थर ही उठा ले, तो जवाब क्या यह संवाद दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो में पत्थरबाजी, आगजनी, सुरक्षाबलों की तैनाती और भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयासों को दिखाया गया है। हालात को काबू में करने के लिए टियर गैस, पैलेट गन और वॉटर कैनन का इस्तेमाल भी नजर आता है, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती हुई दिखाई देती है। इन सीन्स के जरिए फिल्म में सामाजिक और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को बड़े पैमाने पर दिखाने की कोशिश की गई है। फर्स्ट लुक से साफ है कि फिल्म सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें मजबूत कहानी और इमोशनल पहलू भी देखने को मिल सकते हैं।
वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा अजय देवगन की एंट्री है। वह हाथ में पोर्टेबल म्यूजिक सिस्टम लेकर दिखाई देते हैं, जिसमें अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘हम’ का लोकप्रिय गीत ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ बज रहा होता है। इसके बाद अजय सेना की वर्दी में स्वैग के साथ चलते नजर आते हैं। वह अपनी जैकेट उतारते हैं, रिवॉल्वर निकालते हैं और चेहरे पर मास्क लगाए हुए दिखाई देते हैं। हालांकि उनका पूरा चेहरा नहीं दिखाया गया, लेकिन उनकी आंखों का आत्मविश्वास और तीव्रता दर्शकों को प्रभावित करती है।
वीडियो के अंत में अजय देवगन का डायलॉग 'पठानों से कहना, चौहान आ रहा है' फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा देता है। ‘चौहान’ के जरिए अजय देवगन पहली बार जियो स्टूडियोज और निर्माता आनंद एल राय के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नीरज यादव ने किया है। फर्स्ट लुक के बाद अब दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर और रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है।