Highlights
भारतीय शॉर्ट फिल्म 'वी वेयर हियर' ऑस्कर के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।
प्रियंका चोपड़ा जोनस फिल्म की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बन गई हैं।
फिल्म का निर्देशन और लेखन प्रणव भसीन ने किया है।
यह फिल्म 80 से ज्यादा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है और 20 से अधिक अवॉर्ड जीत चुकी है।
फिल्म की कहानी AI, मशीनों और इंसानों की नौकरियों पर पड़ने वाले असर को कॉमेडी के जरिए दिखाती है।
Priyanka Chopra Short Film We Were Here: भारतीय सिनेमा के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय शॉर्ट फिल्म ‘वी वेयर हियर’ ने ऑस्कर की रेस में अपनी जगह बनाने की दिशा में अहम पड़ाव पार कर लिया है। प्रणव भसीन के निर्देशन में बनी यह फिल्म ऑस्कर के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। अब इस प्रोजेक्ट से ग्लोबल स्टार और प्रोड्यूसर प्रियंका चोपड़ा जोनस भी जुड़ गई हैं।
चोपड़ा जोनस ने फिल्म में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है। प्रियंका के अलावा एक्टर एंड्रयू स्कॉट और टोनी अवॉर्ड विजेता प्लेराइटर व एक्टिविस्ट V भी इस फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म को अब तक दुनियाभर के 80 से ज्यादा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जा चुका है और यह 20 से अधिक अवॉर्ड जीत चुकी है।
प्रियंका चोपड़ा ने एक बयान में बताया कि फिल्म का विषय उन्हें काफी पसंद आया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म एक ऐसे मुद्दे को नए और मजेदार अंदाज में पेश करती है, जो आज के समय में बेहद अहम है। प्रियंका के मुताबिक, वह इस क्रिएटिव टीम को सपोर्ट करने और उनकी अनोखी सोच को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद करना चाहती थीं। इसी वजह से वह एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर इस प्रोजेक्ट से तुरंत जुड़ने के लिए तैयार हो गईं।
‘वी वेयर हियर’ की कहानी भारत के एक छोटे शहर में रहने वाले तीन रिटायर्ड पुरुषों के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्हें लगता है कि मशीनें धीरे-धीरे इंसानों की नौकरियां छीन रही हैं। इसके विरोध में वे एक अनोखा तरीका अपनाते हैं और घरों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का रूप धारण करके प्रदर्शन करने लगते हैं।
कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब उनमें से एक व्यक्ति के बच्चे की नौकरी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI कंपनी में लग जाती है। कॉमेडी के अंदाज में बनी यह फिल्म तकनीक, रोजगार और मशीनों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इंसानों की अहमियत कम होने के डर को सामने लाती है। फिल्म की कहानी प्रणव भसीन ने ही लिखी है।
‘वी वेयर हियर’ को साउथ बाय साउथवेस्ट में ऑडियंस अवॉर्ड फॉर बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट और रेडब्रेस्ट अनहिडन अवॉर्ड मिल चुका है। इसके अलावा पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट में इसने 15 मिनट से कम की बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म और बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट का पुरस्कार जीता।
पाम स्प्रिंग्स में मिले अवॉर्ड की वजह से ही फिल्म ऑस्कर के लिए विचार किए जाने की पात्र बनी। क्लेरमोंट-फेरैंड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में भी इसे कैनाल प्राइज मिला था, जहां फिल्म का पहली बार प्रदर्शन हुआ था। खास बात यह है कि ‘द न्यू यॉर्कर’ ने फिल्म के अधिकार हासिल कर लिए हैं। अब इसे पब्लिकेशन के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा।