Mumtaz Birthday Special: 31 जुलाई 1947 को जन्मी मुमताज का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। उनके पिता ड्राई फ्रूट्स का कारोबार करते थे और मां ईरान से ताल्लुक रखती थीं। मुमताज के जन्म के महज 1 साल बाद उनके माता-पिता अलग हो गए। घर के हालातों को देखते हुए उनकी मां और चाची ने फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम करना शुरू किया। इसी माहौल के बीच पली-बढ़ी मुमताज ने भी बहुत छोटी उम्र में ही कैमरे का सामना करना सीख लिया था। सिर्फ 12 साल की उम्र में उन्होंने फिल्म 'सोने की चिड़िया' से चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में एक्टिंग की दुनिया में अपना पहला कदम रखा था।
मुमताज के करियर को नई दिशा तब मिली जब उन्होंने पहलवान और एक्टर दारा सिंह के साथ काम करना शुरू किया। 16 साल की उम्र में उन्हें बतौर एक्ट्रेस काम करने का पहला बड़ा मौका मिला। उस दौर में दारा सिंह के साथ उनकी जोड़ी बेहद पसंद की गई और दोनों ने एक साथ 16 फिल्मों में काम किया, जिनमें से 12 फिल्में सुपरहिट साबित हुईं। मुमताज खुद यह मानती हैं कि उनके करियर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में दारा सिंह का बहुत बड़ा हाथ था। जब मुमताज एक सफल और बड़ी स्टार बन गईं, तब उन तमाम बड़े एक्टर्स ने भी उनके साथ काम करने की इच्छा जताई, जिन्होंने शुरुआत में उनके साथ काम करने से साफ मना कर दिया था।
मुमताज की खूबसूरती और एक्टिंग के चर्चे पूरे बॉलीवुड में थे। इसी दौरान फेमस एक्टर शम्मी कपूर उनके प्यार में पड़ गए और उन्होंने शादी का प्रपोजल भी रख दिया। हालांकि, कपूर खानदान की एक सख्त शर्त थी कि शादी के बाद मुमताज को अपना एक्टिंग करियर पूरी तरह से छोड़ना पड़ेगा।
मुमताज उस समय अपने करियर की ऊंचाइयों पर थीं और वह एक्टिंग को अलविदा कहने के मूड में बिल्कुल नहीं थीं। उन्होंने अपने सपने और करियर को चुनते हुए इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। बाद में साल 1974 में उन्होंने बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी कर ली।
ये भी पढ़ें: सलमान खान की सलाह पर बदला नाम, ‘एमएस धोनी’ से बनीं करोड़ों दिलों की धड़कन, जानें कियारा आडवाणी की पूरी कहानी
मुमताज ने अपने करियर में राजेश खन्ना, जितेंद्र, धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गजों के साथ स्क्रीन शेयर की। फिल्म 'खिलौना' में उनके बेहतरीन एक्टिंग के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।
आज भी वह खुद को पूरी तरह फिट रखती हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। उनके जन्मदिन पर भी उनकी सादगी और अंदाज लाखों दिलों को प्रेरित करता है।