Mona Singh New Project: एक्ट्रेस मोना सिंह इन दिनों अपने नए इंटरनेशनल प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। 'जस्सी जैसी कोई नहीं' से घर-घर में पहचान बनाने वाली मोना सिंह ने '3 इडियट्स', 'लाल सिंह चड्ढा', 'मेड इन हेवन' और हाल ही में 'कोहरा' सीजन 2 जैसे प्रोजेक्ट्स में अपनी एक्टिंग का दम दिखाया है। अब एक्ट्रेस ने यूनाइटेड किंगडम में शूट हो रहे अपने नए प्रोजेक्ट की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
मोना सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यूके के कॉट्सवोल्ड्स से कुछ बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों के जरिए उन्होंने अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग से जुड़े माहौल की झलक दिखाई। इसके साथ ही एक्ट्रेस ने इस नई क्रिएटिव दुनिया का हिस्सा बनने को लेकर अपनी एक्साइटमेंट भी जाहिर की। मोना ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि यह प्रोजेक्ट-फिल्म खास और अनोखी लग रही है क्योंकि हमने पुराने नियमों को छोड़ दिया है।
खबरों के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं। विकास बहल 'क्वीन' जैसी चर्चित फिल्म के लिए जाने जाते हैं। इस प्रोजेक्ट की खास बात यह भी है कि इसमें भारतीय और इंटरनेशनल एक्टर्स और म्यूजिशियन एक साथ काम कर रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में जिमी शेरगिल, सिद्धांत चतुर्वेदी, मोना सिंह और अलीजेह अग्निहोत्री जैसे कलाकार शामिल हैं। हालांकि, फिल्म के नाम और कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी 1990 के दशक की शुरुआत के ब्रिटेन पर आधारित है। इसमें यूके में पंजाबी म्यूजिक मूवमेंट के उभरने की कहानी को दिखाया जाएगा। यह वह दौर था, जब अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाली एक पीढ़ी गैराज, बैक-रूम, पाइरेट रेडियो स्टेशनों और अंडरग्राउंड गिग्स के जरिए अपनी आवाज को पहचान दिला रही थी।
मोना सिंह इससे पहले अपने करियर को लेकर भी खुलकर बात कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि किसी कलाकार के करियर को आकार देने में 40 प्रतिशत भूमिका इंडस्ट्री की और 60 प्रतिशत खुद कलाकार की होती है। उनके मुताबिक, इंडस्ट्री कलाकार को जमीन, स्क्रिप्ट और प्लेटफॉर्म देती है, लेकिन यह कलाकार पर निर्भर करता है कि वह किन प्रोजेक्ट्स को चुनता है।
एक्ट्रेस ने बताया था कि उनके करियर में असली बदलाव तब आया, जब उन्होंने उन्हें ऑफर किए जा रहे करीब 90 प्रतिशत शोज के लिए 'ना' कहना शुरू किया। मोना को 2003 में शुरू हुए टीवी शो 'जस्सी जैसी कोई नहीं' से खास पहचान मिली थी। इसके बाद वह 'झलक दिखला जा' के पहले सीजन और 'क्या हुआ तेरा वादा' जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आईं।