Mirzapur The Movie Box Office Collection Day 7: ओटीटी की दुनिया में अपना लोहा मनवाने के बाद अब 'मिर्जापुर' की टीम बड़े पर्दे पर भी अपनी धाक जमा रही है। सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'मिर्जापुर द मूवी' को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। कालीन भैया और गुड्डू पंडित का ऑनस्क्रीन स्वैग बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रहा है। महज 4 दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली यह फिल्म पहले हफ्ते के आखिरी दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है।
अपने पहले हफ्ते के आकिरी दिन यानी गुरुवार को भी फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई की रफ्तार कम नहीं हुई। बुधवार को करीब 12.50 करोड़ रुपये जुटाने के बाद गुरुवार को भी दर्शकों की भारी भीड़ सिनेमाघरों में देखने को मिली।
7वें दिन के कलेक्शन के साथ ही फिल्म की कुल नेट कमाई 143.75 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है। सिनेमाघरों में जिस तरह का माहौल है, उससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि फिल्म मिर्जापुर आने वाले दिनों में और भी कई बड़े रिकॉर्ड बनाएगी।
फिल्म मिर्जापुर ने अपने पहले वीकेंड में ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाल मचाया था। शुक्रवार को करीब 26.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने के बाद शनिवार को 32 करोड़ और रविवार को 36 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। सोमवार के अहम टेस्ट को बेहद आसानी से पार करते हुए फिल्म ने महज 4 दिनों के अंदर 100 करोड़ क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली थी।
डायरेक्टर गुरमीत सिंह के डायरेक्शन में बनी इस थ्रिलर फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा की एक्टिंग को खूब सराहा जा रहा है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की तिकड़ी का अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। इसके अलावा रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी की दमदार एक्टिंग ने भी कहानी में जान फूंकने का काम किया है।
रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के बैनर तले तैयार हुई फिल्म मिर्जापुर में कुछ नए चेहरों की एंट्री ने दर्शकों का मजा दोगुना कर दिया है। फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन और सोनल चौहान के नए कलाकारों ने कहानी के ड्रामे को एक अलग ही मोड़ पर पहुंचा दिया है।