Mallika Dua Pranit More Comedy Show: स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में हुए ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर अब कॉमेडी जगत से भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने और राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा समन जारी करने के बाद कॉमेडियन मल्लिका दुआ ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए न केवल प्रणीत मोरे बल्कि शो में शामिल अन्य लोगों की भी आलोचना की।
मल्लिका दुआ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उस युवक पर भी निशाना साधा, जिसने शो के दौरान ‘370 रुपये की बिरयानी’ से जुड़ा विवादित बयान दिया था। उन्होंने लिखा कि लोगों के विरोध की वजह से उसकी नौकरी नहीं गई होगी, बल्कि संभव है कि वह अपने कार्यक्षेत्र में पहले से ही औसत प्रदर्शन कर रहा हो। उनकी इस टिप्पणी को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली है। कई लोगों ने मल्लिका के बयान का समर्थन किया।
वायरल वीडियो में मौजूद एक युवती, जिसने खुद को डॉक्टर बताया था, उसकी टिप्पणी पर भी मल्लिका दुआ ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह की बातें उस युवती ने कीं, उससे उसकी संवेदनशीलता और पेशेवर जिम्मेदारी पर सवाल खड़े होते हैं। मल्लिका ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसी हरकतों के कारण वह किसी रियलिटी शो की कास्टिंग टीम के लिए जरूर दिलचस्प हो सकती है, लेकिन एक जिम्मेदार पेशेवर के रूप में उसकी छवि प्रभावित होती है।
अपने बयान में मल्लिका दुआ ने भारतीय स्टैंडअप कॉमेडी के एक लोकप्रिय फॉर्मेट ‘क्राउड वर्क’ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि कम से कम भारत में इसे कॉमेडी की कला नहीं माना जा सकता। उनके अनुसार, कई कलाकार इसका इस्तेमाल आसान मनोरंजन और अपनी रचनात्मक कमजोरियों को छिपाने के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कंटेंट को लोकप्रिय बनाने में दर्शकों की भी भूमिका होती है, क्योंकि लोग लगातार ऐसे कलाकारों को समर्थन देते रहते हैं।
पूरा मामला एक वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें शो के दौरान एक दर्शक महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करता दिखाई देता है। वीडियो में प्रणीत मोरे उस बयान का विरोध करने के बजाय हंसते नजर आते हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हुई और मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया। अब महाराष्ट्र साइबर पुलिस, राष्ट्रीय महिला आयोग और सोशल मीडिया पर चल रही बहस के बीच यह विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।