Rahul Gandhi Support Kriti Sanon: हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन ऐड को लेकर ट्रोल्स के निशाने पर आ गईं। राखी ऐड में उनके इंडो-वेस्टर्न लुक को लेकर सवाल उठाए गए और देखते ही देखते यह बहस राजनीतिक की गलियों तक पहुंच गई। जब ट्रोल्स का दौर तेज हुआ तो कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का सपोर्ट करते हुए इस मुद्दे को महिलाओं की स्वतंत्रता और अधिकारों से जोड़ दिया।
राखी ऐड विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब एक फेमस ज्वैलेरी ब्रांड ने रक्षाबंधन का नया ऐड जारी किया। इस ऐड में एक्ट्रेस कृति सेनन इंडो-वेस्टर्न ड्रेस यानी ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट में अपने ऑन-स्क्रीन भाई और पालतू कुत्ते को राखी बांधती नजर आईं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस पहनावे को भारतीय त्योहार की गरिमा के विपरित बताया। आलोचकों का तर्क था कि पारंपरिक त्योहार के ऐड में इस तरह की ड्रेस को चुनना सही नहीं है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बायकॉट की मांग उठने लगी।
इस राखी ऐड विवाद में बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत भी कूद पड़ीं। उन्होंने बिना नाम लिए सोशल मीडिया पोस्ट में इस तरह के ड्रेस पर सवाल उठाए। इस चौतरफा हमले के बाद एक्ट्रेस कृति सेनन ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने साफ किया कि त्योहारों की असली आत्मा और भारतीय संस्कृति दिल में बसती है, न कि कपड़ों की नेकलाइन में। कृति ने कहा कि समय के साथ फैशन बदला है, लेकिन आज भी महिलाओं के संस्कार उनके कपड़ों से नापे जाते हैं जो पूरी तरह गलत है।
इस पूरे मामले के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभिनेत्री कृति सेनन के बयान को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि कोई महिला क्या पहनती है, क्या करती है या कहां जाती है, यह पूरी तरह से उसका अपना फैसला है।
राहुल गांधी ने महिलाओं की व्यक्तिगत आजादी का सम्मान करने की बात कहते हुए सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रोलिंग बंद करने के लिए कहा। राहुल गांधी के इस बयान के बाद यह मुद्दा केवल एक मनोरंजन इंडस्ट्री का विवाद न रहकर पर्सनल स्वतंत्रता और लैंगिक समानता की राष्ट्रीय बहस बन गया है।