25 साल बाद फिर साथ दिखे ऋतिक रोशन और करीना कपूर
करण जौहर ने शेयर किया कभी खुशी कभी गम का खास टीजर
सीक्वल की चर्चा तेज, 19 नवंबर को खुलेगा Airbnb कैंपेन का राज
Kabhie Khushi Kabhie Gam Hrithik Kareena Reunion: साल 2001 में बड़े पर्दे पर धमाल मचाने वाली फिल्म कभी खुशी कभी गम का जादू आज भी बरकरार है। इस फिल्म के डायरेक्टर करण जौहर ने अपने फैंस के लिए एक स्पेशल सरप्राइज पेश किया है।
हाल ही में धर्मा प्रोडक्शंस के मालिक और बॉलीवुड डायरेक्टर करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक टीजर शेयर किया है। इस टीजर में करीना और ऋतिक की मशहूर जोड़ी की झलक देखने मिलती है। जिसके बाद से लगातार कभी खुशी कभी गम सीक्वल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीजर शेयर करते हुए लिखा कि कुछ कहानियां 25 साल बाद भी खत्म नहीं होतीं। इस टीजर वीडियो में ऋतिक रोशन के किरदार रोहन और करीना कपूर के किरदार पूजा यानी पू की झलक दिखाई गई है। इस टीजर के जरिए एक Airbnb कमर्शियल को प्रमोट किया जा रहा है, जिसका पूरा खुलासा 19 नवंबर को किया जाएगा।
टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच एक्साइटमेंट देखने के लिए मिल रही है। कई यूजर्स ने ऋतिक रोशन और करीना कपूर को एक साथ देखकर खुशी जाहिर की। एक यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ऋतिक-करीना साथ में, यह क्या है! वहीं कुछ प्रशंसकों ने दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री की तारीफ की और फिल्म के सीक्वल की उम्मीद जताई।
टीजर ने दर्शकों के बीच कई तरह के कयासों को जन्म दिया है। कुछ फैंस इसे कभी खुशी कभी गम' के सीक्वल से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अन्य इसे Airbnb के साथ खास ब्रांड कोलैबरेशन मान रहे हैं। हालांकि, अभी सामने आई जानकारी के अनुसार यह एक प्रमोशनल कैंपेन है। इसके बारे में ज्यादा जानकारी 19 नवंबर को सामने आएगी।
करण जौहर के डायरेक्शन में बनी कभी खुशी कभी गम साल 2001 में रिलीज हुई थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रोशन और करीना कपूर खान अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म के किरदार, गाने और डायलॉग आज भी दर्शकों के बीच फेमस हैं। ऐसे में रोहन और पू की झलक ने एक बार फिर फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है।