Imtiaz Ali Reveals Interesting Story: फिल्ममेकर इम्तियाज अली इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इस बीच उन्होंने अपनी सबसे चर्चित फिल्मों में से एक 'जब वी मेट' को लेकर बड़ा खुलासा किया है। इम्तियाज ने बताया कि इस फिल्म के बनने का सबसे बड़ा श्रेय एक्टर शाहिद कपूर को जाता है। अगर शाहिद उस समय इस कहानी में दिलचस्पी नहीं दिखाते, तो शायद यह फिल्म कभी बन ही नहीं पाती।
हाल ही में टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में इम्तियाज अली ने बताया कि वह शुरुआत में शाहिद कपूर से किसी दूसरी फिल्म को लेकर मिलने गए थे। उस वक्त 'जब वी मेट' पर काम नहीं हो रहा था और यह प्रोजेक्ट लगभग ठंडे बस्ते में जा चुका था। बातचीत के दौरान शाहिद ने उनसे पूछा कि क्या उनके पास कोई ऐसी कहानी है जिसमें एक लड़का और एक लड़की ट्रेन में मिलते हैं।
इम्तियाज ने बताया कि उनके पास ऐसी एक कहानी थी, जिसे वह पहले बॉबी देओल के साथ बनाने की योजना बना चुके थे, लेकिन किसी वजह से वह फिल्म शुरू नहीं हो सकी। जब उन्होंने शाहिद कपूर को उस कहानी का प्लॉट सुनाया तो एक्टर को यह आइडिया बेहद पसंद आया। निर्देशक ने बताया कि कहानी सुनने के बाद शाहिद ने उनसे कहा कि हम यह फिल्म क्यों नहीं बना रहे? क्या मैं यह फिल्म नहीं कर सकता?
इम्तियाज के मुताबिक, शाहिद ने उनकी आंखों में भी इस कहानी के लिए उत्साह देख लिया था और समझ गए थे कि निर्देशक खुद भी इस फिल्म को बनाना चाहते हैं। इम्तियाज अली ने आगे कहा कि शाहिद कपूर का आत्मविश्वास और फिल्म पर उनका भरोसा ही इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी वजह बना। उन्होंने बताया कि शाहिद ने निर्माता के सामने भी पूरे विश्वास के साथ फिल्म का समर्थन किया।
निर्देशक के मुताबिक, शाहिद के इसी विश्वास ने 'जब वी मेट' को मंजिल तक पहुंचाया। फिल्म रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और समय के साथ इसे बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन रोमांटिक फिल्मों में गिना जाने लगा। साल 2007 में रिलीज हुई 'जब वी मेट' में शाहिद कपूर और करीना कपूर खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। आदित्य और गीत की दिल छू लेने वाली कहानी आज भी दर्शकों के बीच उतनी ही लोकप्रिय है।