IIFA Awards 2027 Karan Johar: 22 और 23 जनवरी 2027 को इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवॉर्ड्स यानी आईफा अवॉर्ड्स का शानदार आगाज होने जा रहा है। आईफा का 27वां एडिशन और भी ज्यादा खास होने वाला है।
धर्मा प्रोडक्शंस के मालिक और फिल्म प्रोड्यूसर करण जौहर आईफा अवॉर्ड 2027 होस्ट करते हुए नजर आएंगे। यही नहीं पहली बार एक्टर वरुण धवन भी परफॉर्मेंस छोड़ होस्टिंग की कमान संभालते हुए नजर आने वाले है।
आपको बता दें कि करण जौहर इससे पहले भी कई मौकों पर आईफा अवॉर्ड्स होस्ट करते हुए नजर आए हैं। आईफा और करण का रिश्ता काफी पुराना है। इस बार करण जौहर छठी बार आईफा अवॉर्ड्स नाइट का कार्यक्रम होस्ट करते हुए दिखने वाले हैं। हालांकि पहली बार वरुण धवन को करण के साथ होस्टिंग करते हुए देखने मिलेगा।
आईफा 2027 को होस्ट करने वाले करण जौहर ने कहा कि आईफा और मेरा रिश्ता काफी पुराना है और मंच पर मेरे कुछ सबसे यादगार पल इसी इवेंट का हिस्सा रहे हैं। छह बार होस्ट करना सुनने में भले ही काफी ज्यादा लगे, लेकिन लाइव शो का रोमांच, उत्साह और अचानक होने वाले सरप्राइज कभी पुराने नहीं पड़ते। आईफा में एक अलग तरह की मस्ती और जादू है, जिसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है। अबू धाबी वापस आना मेरे लिए इसे और भी खास बनाता है। मैं हंसी-मजाक, सरप्राइज और आईफा 2027 में होने वाली तमाम खास चीजों के लिए तैयार हूं।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भी आईफा 2027 के स्टेज पर वापसी करने जा रहे हैं। सलमान की मौजूदगी हमेशा की तरह इवेंट की सबसे बड़ी खासियतों में से एक होगी। आईफा के साथ सलमान का रिश्ता भी काफी पुराना है और वह इसके शुरुआती दौर से ही इस सफर का हिस्सा रहे हैं।
आईफा में अपनी वापसी को लेकर सलमान खान ने कहा कि आईफा और उनका रिश्ता बहुत पुराना है। वह इसके शुरुआती सालों से इस सफर का हिस्सा रहे हैं और जब भी आईफा की ओर से बुलावा आता है, तो उनके लिए एक खास एहसास होता है।
बता दें कि आईफा का 27वां एडिशन अगले साल 22 और 23 जनवरी को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में आयोजित किया जाएगा। इस बार भी आईफा वीकेंड एंड अवॉर्ड्स में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे नजर आएंगे। अवॉर्ड नाइट में सिर्फ होस्टिंग ही नहीं, बल्कि कई बड़े सितारों की शानदार परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी। सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान और जान्हवी कपूर जैसे कलाकार मंच पर अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।