Highlights
'हनुमान अंश' का हिंदी वर्जन 27 नवंबर 2026 से SonyLIV पर स्ट्रीम होगा।
फिल्म 29 नवंबर से Netflix पर पांच भाषाओं में रिलीज होगी।
दर्शक इसे तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम और गुजराती में देख सकेंगे।
Hanuman Ansh SonyLIV And Netflix Release: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और अब यह ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। पहले मेकर्स ने ऐलान किया था कि फिल्म 27 नवंबर 2026 से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी।
अब दर्शकों के लिए एक और खुशखबरी है। फिल्म हिंदी के अलावा पांच अन्य भाषाओं में भी रिलीज होने वाली है। खास बात यह है कि इन भाषाओं में फिल्म सोनी लिव नहीं, बल्कि नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकेगी। 'हनुमान अंश' का हिंदी वर्जन 27 नवंबर 2026 से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगा। वहीं, नेटफ्लिक्स ने भी फिल्म की ओटीटी रिलीज का ऐलान कर दिया है।
नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म के मुताबिक, 29 नवंबर से दर्शक इसे तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम और गुजराती भाषाओं में देख सकेंगे। नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पोस्ट में फिल्म की कहानी को आस्था और भक्ति से जुड़ा बताया है। ऐसे में हिंदी के साथ-साथ दूसरी भाषाओं के दर्शकों को भी इस आध्यात्मिक फिल्म को देखने का मौका मिलेगा।
डॉ. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' एक बायोग्राफिकल और आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म है। यह प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा यानी महाराजजी के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में लक्ष्मी नारायण शर्मा के आध्यात्मिक सफर को दिखाया गया है।
कहानी के मुताबिक, बचपन में मां को खोने के बाद लक्ष्मी नारायण शर्मा ईश्वर की तलाश में घर छोड़ देते हैं। इसके बाद उत्तर भारत में उनकी लंबी आध्यात्मिक यात्रा, तपस्या और सेवा का सफर शुरू होता है। आगे चलकर यही बालक नीम करोली बाबा के नाम से प्रसिद्ध होता है। फिल्म में शोभिनॉव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा विहान शेडगे, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी और गुलशन पांडे भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।
'हनुमान अंश' का बजट करीब 1.7 से 2 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म ने पहले दिन महज 10 लाख रुपये की कमाई की थी, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी के चलते इसकी कमाई में तेजी आई। फिल्म ने भारत में करीब 342.99 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 404.66 करोड़ रुपये और विदेशों में कमाई 48.80 करोड़ रुपये रही। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 453.46 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।