

Hanuman Ansh Telugu Release: ‘हनुमान अंश’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। होम्बले फिल्म्स ने ऐलान किया है कि फिल्म को दुनियाभर के तेलुगु दर्शकों के लिए 9 अक्टूबर 2026 को रिलीज किया जाएगा। अलग-अलग मार्केट्स में फिल्म को मिली सराहना के बाद अब मेकर्स इसे तेलुगु भाषा में ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए तेलुगु रिलीज की जानकारी दी।
मेकर्स ने अपने पोस्ट में कहा कि वे ‘हनुमान अंश’ को तेलुगु में दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर उत्साहित हैं, ताकि दुनियाभर के दर्शक बड़े पर्दे पर इसकी कहानी और आध्यात्मिक पहलू का अनुभव कर सकें। फिल्म को स्वयंभू मीडिया नेटवर्क प्रस्तुत कर रहा है। ‘हनुमान अंश’ की कहानी नीब करौरी बाबा के जीवन से प्रेरित बताई गई है। फिल्म की कहानी डिवाइन डिटूर किताब पर आधारित है, जिसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है।
'हनुमान अंश' में आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक जागृति की यात्रा को केंद्र में रखा गया है। फिल्म का उद्देश्य एक ऐसी कहानी को दर्शकों तक पहुंचाना है, जिसमें इमोशनल जुड़ाव के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी देखने को मिले। फिल्म का निर्माण रागिनी एस, नम्रता जी सिंह, अनुप्रिया नागर और विशाल चतुर्वेदी ने किया है। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म को अलग-अलग मार्केट्स में दर्शकों और क्रिटिक्स से प्रतिक्रिया मिली है। अब तेलुगु रिलीज के जरिए इसकी पहुंच और बढ़ाने की तैयारी है।
होम्बले फिल्म्स भारतीय सिनेमा में पैन-इंडिया प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। प्रोडक्शन हाउस ने KGF फ्रैंचाइजी, कांतारा, सालार फ्रैंचाइजी और महावतार नरसिम्हा जैसी फिल्मों का निर्माण किया है। अब ‘हनुमान अंश’ के तेलुगु वर्जन के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी भी कंपनी ने संभाली है। वर्कफ्रंट की बात करें तो होम्बले फिल्म्स की आगामी फिल्मों में सालार: भाग 2 - शौर्यंगा पर्व, महावतार परशुराम, सूर्या 48, येतो का नाय और ऋतिक रोशन के साथ एक अपकमिंग कोलैबोरेशन शामिल है। ऐसे में 'हनुमान अंश' की तेलुगु रिलीज को लेकर भी दर्शकों की नजर बनी हुई है।