Hanuman Ansh Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के समय जब किसी फिल्म को ठंडा रिस्पॉन्स मिलता है, तब अक्सर उसकी कमबैक के रास्ते मुश्किल हो जाते है। हालांकि विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी और शोभिनव सत्या स्टारर फिल्म 'हनुमान अंश' ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है।
बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित आध्यात्मिक ड्रामा ने अपने पहले हफ्ते में महज 1.08 करोड़ रुपये की बेहद धीमी शुरुआत की थी। दूसरे हफ्ते में तो इसकी कमाई गिरकर सिर्फ 40 लाख रुपये रह गई थी। इसके बाद भी दर्शकों के बीच बने सकारात्मक माहौल और माउथ पब्लिसिटी के दम पर तीसरे हफ्ते से फिल्म की किस्मत का ताला ऐसा खुला कि कलेक्शन का ग्राफ सीधे आसमान छूने लगा।
अपने शानदार सफर के 46वें दिन यानी 7वें सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में बड़ी गिरावट देखने को मिली। रविवार को 13.75 करोड़ रुपये कमाने वाली इस फिल्म ने सोमवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
वर्किंग डेज होने की वजह से कमाई में करीब 71 फीसदी का घाटा दर्ज किया गया, फिर भी 7,629 शो के साथ सिनेमाघरों में इसकी पकड़ ढीली नहीं पड़ी है। सोमवार के आंकड़ों को जोड़कर भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई अब 275.88 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच गई है।
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म हनुमान अंश को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय सिनेमाघरों से फिल्म ने अब तक कुल 26.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।
देश में 325.80 करोड़ रुपये का ग्रॉस बिजनेस और विदेशी कमाई को मिलाकर 'हनुमान अंश' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 352.30 करोड़ रुपये के पार निकल गया है। एक बेहद साधारण शुरुआत के बाद 350 करोड़ रुपये का वैश्विक आंकड़ा पार करना भारतीय बॉक्स ऑफिस के इतिहास में एक मिसाल बन चुका है।
बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' की इस अद्भुत सफलता ने साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट में गहराई हो, तो दर्शक खुद-ब-खुद सिनेमाघरों तक खींचे चले आते हैं। लगातार 7 हफ्तों से अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए यह फिल्म साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 4 फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो चुकी है।