Highlights
दिलजीत दोसांझ ने 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म किया।
सिंगर ने कॉन्सर्ट में अपने गानों पर लगाई जा रही पाबंदियों को लेकर सवाल उठाए।
दिलजीत ने कोल्डप्ले का उदाहरण देते हुए दोहरे रवैये पर नाराजगी जताई।
Diljit Dosanjh Ahmedabad Concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘Aura India Tour 2026’ को लेकर चर्चा में हैं। भारत के अलग-अलग शहरों में लाइव शो कर रहे दिलजीत को इस टूर के दौरान कई विवादों का सामना करना पड़ा है। अब 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने अपने ऊपर लगाई जा रही पाबंदियों को लेकर खुलकर बात की।
दरअसल, चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर ने उन्हें चार गाने न गाने की चेतावनी दी थी। इसी मुद्दे पर दिलजीत दोसांझ ने दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सिर्फ उन्हीं पर पाबंदियां क्यों लगाई जाती हैं? दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अहमदाबाद कॉन्सर्ट का एक वीडियो साझा किया है। इसमें वह दर्शकों से कहते नजर आए कि दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में परफॉर्म करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पिछले साल जब कोल्डप्ले ने इसी स्टेडियम में कॉन्सर्ट किया था, तभी उन्होंने यहां परफॉर्म करने का सपना देखा था।
इसके बाद दिलजीत दोसांझ ने कोल्डप्ले के गाने का उदाहरण देते हुए कहा कि जब विदेशी कलाकार अपने गानों में ‘ड्रंक एंड हाई’ जैसी बातें करते हैं, तब किसी को परेशानी नहीं होती। लेकिन जब वही काम दिलजीत करते हैं तो सवाल उठने लगते हैं। उन्होंने पूछा कि यह दोहरा रवैया क्यों है? सिंगर ने कहा कि उनका जन्म भारत में हुआ है, ऐसे में उन्हें बाहर से आया हुआ कलाकार क्यों कहा जाता है?
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कहा कि उन्हें पाबंदियां लगाने वाले लोगों से कोई व्यक्तिगत परेशानी नहीं है और उनकी तरफ से सभी के लिए प्यार है। इसी दौरान उन्होंने एक शेर भी सुनाया और मजाकिया अंदाज में कहा कि कहीं इस पर भी पाबंदी न लग जाए।
दरअसल, चंडीगढ़ के PGGC-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनावर ने दिलजीत के चार गानों पर आपत्ति जताई थी। इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिछो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उत्ते फायर करदा’ शामिल हैं। प्रोफेसर का आरोप है कि इन गानों के बोल शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने दिलजीत से कॉन्सर्ट में इन गानों को नहीं गाने की अपील की थी और ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। अब अहमदाबाद में दिलजीत के बयान ने इस विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।