

Highlights
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ की तारीफ की।
कंगना ने बताया कि दूसरी बेटी होने के कारण उनकी दादी उन्हें ‘बाडू’ कहती थीं।
‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं।
Kangana Ranaut Praises Shraddha Kapoor Film Eetha: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म ‘ईठा’ की तारीफ की है। इसके साथ ही कंगना ने अपने बचपन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। उन्होंने बताया कि परिवार में दूसरी बेटी होने की वजह से उनकी दादी उन्हें एक खास हिमाचली शब्द से बुलाती थीं, जिसका अर्थ जानकर कोई भी हैरान हो सकता है।
कंगना रनौत ने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें AI की मदद से तैयार किए गए एक नक्शे में भारत के मशहूर लोगों को उनके राज्यों के साथ दिखाया गया था। हिमाचल प्रदेश के हिस्से में कंगना का नाम भी शामिल था। इस पोस्ट के साथ अभिनेत्री ने अपने बचपन की एक याद शेयर की। कंगना ने बताया कि परिवार में दूसरी बेटी होने के कारण उनकी दादी उन्हें हिमाचली भाषा में ‘बाडू’ कहकर बुलाती थीं। उनके मुताबिक, इस शब्द का मतलब ‘अनचाही बच्ची’ होता है। इसी पोस्ट में उन्होंने श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ को भी अच्छा बताया और उसकी तारीफ की।
श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में श्रद्धा उनका किरदार निभा रही हैं। इसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव और उल्का गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है। 30 अक्टूबर को रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर में श्रद्धा नौवारी साड़ी पहनकर लावणी करती दिखाई दी थीं। ट्रेलर में विठाबाई के शानदार मंचीय प्रदर्शन के साथ उनकी निजी जिंदगी के संघर्षों की झलक भी देखने को मिली थी।
‘ईठा’ के साथ सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ भी 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है और इसमें चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी। इसका नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था, जिसे मार्च 2026 में बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया।
सलमान खान पहले ही श्रद्धा की फिल्म को शुभकामनाएं दे चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका पोस्टर और ट्रेलर लिंक भी शेयर किया था। एक कार्यक्रम में सलमान ने बताया था कि उन्हें पहले जानकारी नहीं थी कि श्रद्धा की फिल्म भी उसी दिन रिलीज हो रही है। यह जानने के बाद उन्होंने श्रद्धा को फोन करके माफी मांगी थी। इस पर श्रद्धा ने कहा था कि बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के लिए पर्याप्त जगह है।