Akshay Kumar Dhurandhar Movie Review : आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर इन दिनों हर तरफ छाई हुई है। दर्शकों से लेकर क्रिटिक्स और बॉलीवुड सेलेब्स तक, सभी इस फिल्म की दिल खोलकर सराहना कर रहे हैं। दमदार कहानी, शानदार मेकिंग और कलाकारों की बेहतरीन परफॉर्मेंस ने धुरंधर को इस साल की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में शामिल कर दिया है।
दरअसल, फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और संजय दत्त जैसे सितारों ने अहम भूमिकाएँ निभाई हैं, जिनके अभिनय ने दर्शकों पर गहरा असर छोड़ा है। सोशल मीडिया पर लगातार फिल्म के लिए तारीफों की बरसात हो रही है।
अक्षय कुमार ने फिल्म देखने के बाद एक्स पर अपना रिएक्शन शेयर किया। उन्होंने लिखा कि धुरंधर की कहानी ने उन्हें हैरान कर दिया। अक्षय के अनुसार, आदित्य धर ने एक बेहतरीन कहानी को बहुत दमदार तरीके से पेश किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्मों को इसी तरह की शक्तिशाली कहानियों की जरूरत है और यह देखकर खुशी होती है कि दर्शक इसे भरपूर प्यार दे रहे हैं। अक्षय ने फिल्म को “हकदार” करार देते हुए मेकर्स की मेहनत की खुले दिल से प्रशंसा की।
अक्षय कुमार के बाद ऋतिक रोशन ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि धुरंधर का असर अभी तक उनके दिमाग से नहीं निकला है। ऋतिक ने आदित्य धर को “अविश्वसनीय मेकर” बताते हुए स्टार कास्ट के प्रदर्शन की खूब तारीफ की।
उन्होंने रणवीर सिंह की शांत से जोशीले तक की जर्नी को बेहतरीन कहा, साथ ही अक्षय खन्ना के अभिनय को उनका सर्वश्रेष्ठ बताया। माधवन की गरिमा, संजय दत्त की दृढ़ता और राकेश बेदी के असाधारण अभिनय के लिए उन्होंने स्पेशल शाउटआउट दिया। खासकर मेकअप और प्रोस्थेटिक्स टीम की उन्होंने भरपूर सराहना की और कहा कि वह फिल्म के दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कहानी और एक्टिंग के साथ-साथ धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर भी झंडे गाड़ रही है। शुरुआती दिन से ही फिल्म शानदार कमाई कर रही है और उम्मीद है कि यह मात्र एक दिन में 200 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी। ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, फिल्म जल्द ही अपना बजट भी निकाल लेगी और साल की सबसे बड़ी हिट्स में से एक बन सकती है।