Padmini Kolhapure Controversy: एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री के कलाकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा करने वाले संगठन सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) का माहौल इन दिनों बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। मुंबई स्थित सिंटा के ऑफिस में शुक्रवार को उस वक्त अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की कई जानी-मानी एक्ट्रेस आपस में भिड़ गईं।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियोज में पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, प्रीति सप्रू, उपासना सिंह और कुनिका सदानंद के बीच तीखी बहस होती नजर आ रही है। यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा और वहां मौजूद लोगों को शांत कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस पूरे विवाद की मुख्य वजह सिंटा संस्था के ऑफिशियली डॉक्यूमेंट और फाइलों की हेराफेरी से जुड़ी हुई है। एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने आरोप लगाया कि सिंटा की जरूरी फाइलें और आधिकारिक दस्तावेज पूनम ढिल्लों की गाड़ी में रखकर कहीं बाहर ले जाए जा रहे थे।
जब सदस्यों ने पद्मिनी कोल्हापुरे से इस बारे में सवाल किया और उनसे डॉक्यूमेंट ले जाने की बात स्वीकार करने को कहा, तो उन्होंने जवाब में समिति को भंग करने वाला आधिकारिक पत्र दिखाने की मांग रख दी। इलेक्शन ऐलान होने के बाद भी ऑफिस में एंट्री और डॉक्यूमेंट से छेड़छाड़ के आरोपों ने माहौल को और ज्यादा गरमा दिया।
हंगामे के दौरान पूनम ढिल्लों अपनी कार की तलाशी लिए जाने और कुनिका द्वारा वीडियो बनाए जाने पर बुरी तरह भड़क गईं। दूसरी तरफ उपासना सिंह ने पुलिस से उन फाइलों को फौरन वापस मंगाने की मांग की, जिन्हें कथित तौर पर दफ्तर से बाहर भेजा जा चुका था।
बहस इतनी बड़ी हो गई कि पुलिस अधिकारियों को स्थिति संभालने के लिए सख्त रुख अपनाना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने कलाकारों को अपनी प्रतिष्ठा का ख्याल रखने की नसीहत दी और कहा कि वे सभी का सम्मान कर रहे हैं, लेकिन किसी को भी मर्यादा की सीमा नहीं लांघनी चाहिए। पुलिस ने साफ किया कि अगर डॉक्यूमेंट से छेड़छाड़ हुई है तो लेबर कमीशन इसकी जांच करेगा।