Salman Khan And Fatima Sana Shaikh Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में इस बार फिल्म और ओटीटी जगत के सितारों की भी मौजूदगी देखने को मिली। अपनी वेब सीरीज 'हुंकार' के प्रमोशन के लिए फातिमा सना शेख, जीशान अय्यूब और रघुबीर यादव शो में पहुंचे। इस दौरान फातिमा सना शेख ने सलमान खान की सोशल मीडिया ट्रोलिंग के खिलाफ स्टैंड लेने को लेकर उनकी तारीफ की।
फातिमा सना शेख ने कहा कि सलमान जैसे बड़े स्टार जब किसी मुद्दे पर अपनी बात रखते हैं, तो उसका असर काफी लोगों पर पड़ता है। शो के दौरान फातिमा सना शेख ने सलमान खान से कहा कि जिस तरह उन्होंने हाल में ट्रोलर्स को जवाब दिया, वह बड़ी बात है। अभिनेत्री ने कहा कि सलमान जिस मुकाम पर हैं, वहां से किसी मुद्दे पर खुलकर बोलने का प्रभाव लोगों पर पड़ता है।
फातिमा सना शेख का यह कमेंट पिछले हफ्ते के ‘वीकेंड का वार’ से जुड़ा था। उस एपिसोड में सलमान खान ने अपनी बॉडी और उम्र को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों का जिक्र किया था। उन्होंने ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग को लेकर अपनी बात रखी और ट्रोलर्स को जवाब दिया था। इस दौरान उन्होंने अपनी टी-शर्ट भी उतारी और बिना मेकअप के अपना चेहरा दिखाया था।
सलमान खान ने सिर्फ अपने खिलाफ होने वाली ट्रोलिंग की बात नहीं की, बल्कि इंडस्ट्री के कुछ अन्य कलाकारों का भी जिक्र किया था। उन्होंने वरुण धवन, कैटरीना कैफ और सोहेल खान जैसे सितारों को लेकर सोशल मीडिया पर किए जाने वाले मजाक और टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए थे। सलमान के इस सेगमेंट के बाद सोशल मीडिया पर उनकी बात की चर्चा हुई। अब फातिमा सना शेख ने भी शो में उनकी इस पहल का जिक्र किया। अभिनेत्री ने कहा कि जब उनकी जैसी पोजिशन वाला कोई व्यक्ति किसी मुद्दे पर खड़ा होता है, तो उससे लोगों तक एक अलग संदेश पहुंचता है।
फातिमा सना शेख, जीशान अय्यूब और रघुबीर यादव अपनी वेब सीरीज ‘हुंकार’ के प्रमोशन के लिए ‘बिग बॉस 20’ में पहुंचे थे। यह क्राइम-थ्रिलर सीरीज 25 सितंबर को जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई है। सीरीज में कुल 6 एपिसोड हैं। फातिमा, जीशान और रघुबीर के अलावा ‘सैयारा’ फेम अभिनेत्री अनीत पड्डा भी इसमें अहम भूमिका में नजर आ रही हैं।