Bigg Boss 20 Controversy: 'बिग बॉस 20' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच विवाद और तीखी बहस देखने को मिल रही है। हाल ही के एक एपिसोड में भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और गुल्लू के बीच टास्क के दौरान बहस हो गई। मामला तब और बढ़ गया, जब गुल्लू ने आम्रपाली और लव की जोड़ी की तुलना कार्टून कैरेक्टर ‘मोटू-पतलू’ से कर दी। अब इस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम्रपाली की बहन आंचल ने नाराजगी जताते हुए गुल्लू और माही विज पर सवाल उठाए हैं।
बिग बॉस के घर में टास्क के दौरान शुरू हुई बहस ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब गुल्लू ने आम्रपाली और लव की जोड़ी को लेकर ‘मोटू-पतलू’ वाला कमेंट किया। इस टिप्पणी के बाद आम्रपाली की टीम ने भी नाराजगी जाहिर की और इसे बॉडी शेमिंग बताया। टीम का कहना है कि पहले शो में दूसरे कार्टून किरदारों का जिक्र हुआ था, लेकिन अब आम्रपाली के शरीर को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना गलत है। टीम ने सवाल उठाया कि क्या इस मामले पर भी उसी तरह चर्चा होगी।
आम्रपाली की बहन आंचल ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल किया कि माही विज और गुल्लू के लिए नेशनल टेलीविजन पर उनकी बहन के शरीर का मजाक उड़ाना और फिर उससे बच निकलना इतना आसान क्यों है। आंचल ने कहा कि किसी के शरीर को मजाक का विषय बनाना कभी सही नहीं होता। खासकर तब, जब उस व्यक्ति की पहचान उसके काम और उपलब्धियों से होनी चाहिए।
आंचल ने अपनी बहन के करियर और काम का बचाव करते हुए कहा कि आम्रपाली ने अपने टैलेंट और शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी को बॉडी शेम करना कोई उपलब्धि नहीं है। आंचल के मुताबिक, जब किसी के खिलाफ ठोस मुद्दे नहीं होते, तो निजी टिप्पणियों का सहारा लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि आम्रपाली का काम किसी भी व्यक्तिगत टिप्पणी से कहीं ज्यादा मायने रखता है।
आंचल ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि उन्हें और उनके पूरे परिवार को आम्रपाली दुबे पर गर्व है। उन्होंने साफ किया कि उनकी बहन की पहचान उनके शरीर के आकार से नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों से होती है। अब इस विवाद को लेकर शो के दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।