

Bigg Boss 20 Roast Task: 'बिग बॉस 20' के घर में कंटेस्टेंट्स के बीच मजेदार बातचीत और नोकझोंक का सिलसिला जारी है। शो में टास्क के दौरान अक्सर घरवाले एक-दूसरे को रोस्ट करते नजर आते हैं। हाल ही के एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब माही विज और अमन गांधी ने लव गिल को शहनाज गिल के नाम से छेड़ना शुरू कर दिया।
दरअसल, एक टास्क के दौरान घरवालों को एक-दूसरे को रोस्ट करना था। इसी दौरान माही विज ने लव गिल को बार-बार शहनाज गिल के नाम से बुलाकर मजाक किया। माही ने लव को छेड़ते हुए कहा कि कहती है बुलाओ मुझे लव गिल, लव गिल अरे छत्तीस झंडे गाड़ के कबकी चली गई शहनाज गिल। माही की बात सुनकर अमन गांधी ने कहा कि गंदी हैं तेरी बातें, कर ले थोड़ा चिल। लव गिल, मान लेना, एक ही थी शहनाज गिल। दोनों की बातों के बाद घर का माहौल मजेदार हो गया।
लगातार शहनाज गिल से तुलना किए जाने पर लव गिल भी चुप नहीं रहीं। उन्होंने अपने अंदाज में माही और अमन को जवाब दिया। लव ने कहा कि हर बात पर बोले कि ये शहनाज गिल! अबे ओ चोमू, मैं शहनाज नहीं, क्योंकि हूं मैं लव गिल! लव का यह जवाब सुनकर घर में हंसी-मजाक का माहौल बन गया। दरअसल, इस पूरे मजाक की शुरुआत एक रोस्टिंग टास्क के दौरान हुई थी, जिसमें सभी घरवालों को एक-दूसरे की खिंचाई करनी थी।
लव गिल का असली नाम लवप्रीत कौर गिल है। वह पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। करण औजला के 2019 में रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो ‘फैक्ट्स’ से उन्हें पहचान मिली। इसके बाद लव पंजाबी टीवी शो ‘तू पतंग मैं डोर’ में नजर आईं, जिसमें उन्होंने जरीना का किरदार निभाया था। यह शो 2020 से 2022 तक चला।
लव ने साल 2021 में पंजाबी फिल्म 'कुड़ियां जवान बापू परेशान' से फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इसके बाद लव 'हेटर्ज', 'कुलचे छोले', 'गदर 1947: इक विच्छोड़ा' और 'वेखी जा छेड़ी ना' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। अब 'बिग बॉस 20' में उनका अलग अंदाज दर्शकों को देखने को मिल रहा है।