मुंबई: बॉलीवुड के सशक्त अभिनेता आशुतोष राणा हमेशा अपनी दमदार अदायगी और सेंसिटिव सोच के लिए पहचाने जाते हैं। इस बार उन्होंने एक बार फिर अपने शब्दों से दिल जीत लिया है। महाराष्ट्र में चल रहे हिंदी-मराठी भाषा विवाद के बीच उन्होंने जो कहा, वो न सिर्फ सटीक था, बल्कि देश के करोड़ों दिलों की आवाज भी थी। आशुतोष राणा ने साफ कहा कि भाषा संवाद का विषय होती है, न कि विवाद का।
भारतवर्ष एक मच्योर और विविधता से भरा देश है, जिसने हमेशा संवाद को प्राथमिकता दी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की आत्मा विविधता में एकता है, और भाषा उस एकता का माध्यम है, न कि विघटन का कारण। महाराष्ट्र सरकार ने कुछ समय पहले एक अधिसूचना जारी की थी, जिसमें सरकारी प्राथमिक स्कूलों में अंग्रेजी और मराठी के साथ हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में पढ़ाना अनिवार्य किया गया था।
सरकार का कहना था कि यह नीति केंद्रीय थ्री लैंग्वेज पॉलिसी के अनुरूप है, ताकि बच्चों को देश की प्रमुख भाषाओं का ज्ञान मिले। हालांकि, इस फैसले को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया। कई मराठी संगठनों और राजनीतिक दलों ने इसे मराठी भाषा की उपेक्षा बताया। इस विवाद को बढ़ता देख, सरकार ने आदेश वापस लिया और थ्री लैंग्वेज पॉलिसी की समीक्षा के लिए एक कमिटी का गठन किया। लेकिन इसके बावजूद भी भाषा को लेकर बहस शांत नहीं हुई है।
विवादों से अलग हटकर बात करें तो आशुतोष राणा जल्द ही अपनी नई फिल्म 'हीर एक्सप्रेस' में नजर आएंगे। यह फिल्म एक फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें प्रीत कमानी और दिविता जुनेजा मुख्य भूमिका में हैं। दिविता इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। फिल्म का निर्देशन उमेश शुक्ला ने किया है, जो इससे पहले 'ओह माय गॉड' और '102 नॉट आउट' जैसी फिल्में बना चुके हैं। इसके अलावा फिल्म में गुलशन ग्रोवर, संजय मिश्रा और मेघना मलिक जैसे अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म 8 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।