Shaan Reaction On Arijit Singh Retirement: प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक लेने के अरिजीत सिंह के फैसले ने उनके फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री को हैरान किया था। अब मशहूर सिंगर शान ने अरिजीत के इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अरिजीत ने पूरी तरह से गाना नहीं छोड़ा है और आने वाले समय में उनके कई नए गाने रिलीज हो सकते हैं। शान ने यह भी बताया कि अपने करियर में एक दौर ऐसा आया था, जब वह खुद भी कुछ इसी तरह के सवालों से जूझ रहे थे।
कोमल नाहटा के साथ बातचीत में शान से अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर शान ने कहा कि ऐसा नहीं है कि अरिजीत ने गाना छोड़ दिया है। उनके मुताबिक, अरिजीत अभी भी गाने रिकॉर्ड कर रहे हैं। शान ने कहा कि अरिजीत के कई गाने पहले ही रिकॉर्ड हो चुके हैं, जो अभी रिलीज नहीं हुए हैं। ऐसे में अगले दो सालों में फैंस को उनकी आवाज में कई गाने सुनने को मिल सकते हैं।
शान ने अपने करियर का किस्सा साझा करते हुए बताया कि करीब 33-34 साल की उम्र में वह भी काफी कन्फ्यूज हो गए थे। उस समय तक वह कई तरह के गाने गा चुके थे और दो-तीन बड़े अवॉर्ड भी जीत चुके थे। सिंगर ने बताया कि उस दौर में उनका झुकाव समाजसेवा की तरफ भी बढ़ रहा था। उन्हें लगता था कि लगातार एक काम से दूसरे काम की तरफ भागने के बजाय समाज के लिए भी कुछ करना चाहिए। लेकिन व्यस्त करियर के कारण उन्हें इसके लिए समय नहीं मिल पा रहा था।
शान ने बताया कि उनके दोस्त और साथी सिंगर KK और सोनू निगम उन्हें अक्सर सलाह देते थे कि हर तरह के गाने नहीं गाने चाहिए और अपना स्टैंडर्ड बनाए रखना चाहिए। हालांकि, शान का कहना था कि जब कोई प्यार से गाने के लिए बुलाता है तो वह मना नहीं कर पाते थे। उन्होंने एक मजेदार किस्सा भी सुनाया।
शान ने बताया कि जब वह घर लौटते थे तो उनकी पत्नी पूछती थीं कि आज क्या गाया। कई बार उन्हें खुद याद नहीं रहता था। यही बात उन्हें सोचने पर मजबूर करने लगी थी कि वह आखिर किस दिशा में जा रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो शान ने अक्षय कुमार और सैफ अली खान की आगामी फिल्म ‘हैवान’ के गाने ‘मेरा हीरो है वो’ को अपनी आवाज दी है।