

Akshay Kumar Brand Endorsement: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार गुरुवार को एक गैजेट ब्रांड के प्रमोशन इवेंट में पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की और कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान एक पत्रकार ने उनसे मजेदार अंदाज में पूछा कि सब केसर बेच रहे हैं और आप Acer बेच रहे हैं? सवाल सुनते ही अक्षय कुमार मुस्कुराने लगे। उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन उनका रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया।
इवेंट के दौरान अक्षय कुमार ने अपनी पत्नी और लेखिका ट्विंकल खन्ना के बारे में भी बात की। अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में बताया कि ट्विंकल को किसी भी बात को समझाने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ती है। अक्षय ने कहा कि अगर आप उनकी पत्नी को जानते हैं तो वह चीजों को आसानी से स्वीकार नहीं करतीं। उन्हें हर बात के पीछे की वजह जाननी होती है।
अभिनेता ने डॉक्टर से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब दोनों किसी डॉक्टर के पास जाते हैं तो ट्विंकल डॉक्टर से इतने सवाल करती हैं कि कई बार डॉक्टर भी परेशान हो जाते हैं। अक्षय कुमार से यह भी पूछा गया कि जब कोई अभिनेता किसी ब्रांड को प्रमोट करता है तो उसके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में वह किसी ब्रांड का प्रचार करते समय कितनी जिम्मेदारी लेते हैं? इस सवाल के जवाब में अक्षय ने साफ कहा कि वह ब्रांड एंडोर्समेंट को लेकर पूरी जिम्मेदारी लेते हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार हाल ही में ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए थे। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ रवीना टंडन, परेश रावल, राजपाल यादव, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े समेत कई कलाकार दिखाई दिए। अब अक्षय के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में सैफ अली खान के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा वह अनीस बज्मी की अनटाइटल्ड फिल्म और रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ का भी हिस्सा हैं, जिसमें अजय देवगन नजर आएंगे।