Alka Yagnik Padma Bhushan: राष्ट्रपति भवन में 23 जून को आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में मशहूर पार्श्व गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें संगीत के क्षेत्र में उनके लंबे और शानदार योगदान के लिए दिया गया। समारोह के दौरान कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं और यह पल भारतीय संगीत जगत के लिए बेहद खास रहा।
सम्मान ग्रहण करने से पहले अलका याग्निक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन किया। वह हल्के रंग के पारंपरिक परिधान में बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आईं। उनके इस सम्मान को लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है। समारोह के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अलका याग्निक चलते वक्त सहारे के साथ नजर आ रही हैं।
वीडियो में वह मुस्कुराते हुए आगे बढ़ती दिखीं, लेकिन उन्हें अटेंडेंट का सहारा लेना पड़ा। इस सीन को देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि क्या वह ठीक नहीं हैं? वहीं दूसरे ने कहा कि उन्हें ऐसे देखना दिल तोड़ देने वाला है। कई फैंस ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि अलका याग्निक पहले ही अपने स्वास्थ्य को लेकर खुलासा कर चुकी हैं। वह सेंसरिनुरल हियरिंग लॉस नामक एक दुर्लभ न्यूरोलॉजिकल समस्या से जूझ रही हैं, जिसके कारण उन्हें सुनने में दिक्कत होती है। इस बीमारी के बारे में उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की थी। अलका याग्निक भारतीय फिल्म संगीत की सबसे लोकप्रिय गायिकाओं में से एक हैं।
अलका याग्निक ने 1990 और 2000 के दशक में कई सुपरहिट गाने दिए, जो आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं। उनके योगदान के लिए उन्हें पहले भी दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। अब पद्म भूषण सम्मान मिलने के बाद एक बार फिर अलका याग्निक का नाम चर्चा में है, हालांकि उनके स्वास्थ्य को लेकर फैंस की चिंता भी लगातार बढ़ती जा रही है।