Highlights
अभिजीत भट्टाचार्य ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में दलेर मेहंदी विवाद पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने लाइव शो में लिपसिंक करने वाले सिंगर्स पर सवाल उठाए।
अभिजीत ने कहा कि वह बेसुरा गाएंगे, लेकिन हमेशा लाइव परफॉर्म करेंगे।
Abhijeet Bhattacharya On Daler Mehndi Controversy: सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों अपने एक लाइव शो को लेकर विवादों में हैं। उत्तराखंड में उनकी परफॉर्मेंस के दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही उनके गाने पर सवाल उठाए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और मनोरंजन जगत में इस पर बहस छिड़ गई।
मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में परफॉर्मेंस के दौरान उन्होंने लाइव शो में लिपसिंक करने वाले कलाकारों पर निशाना साधा। साथ ही साफ कहा कि वह कभी अपने दर्शकों के साथ धोखा नहीं करेंगे। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 से अभिजीत भट्टाचार्य का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह लाइव परफॉर्मेंस और लिपसिंक को लेकर अपनी राय रखते नजर आ रहे हैं।
अभिजीत भट्टाचार्य ने दलेर मेहंदी विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि यहां पर किसी को भी परमिशन मत दीजिए अगर वो लाइव के नाम पर गाना नहीं गा रहा है। अभी कुछ दिन पहले एक केस हुआ था, जहां पर स्टेज पर आकर मंत्री साहब ने कहा। बिल्कुल सच कहा था उन्होंने कि आप गाना नहीं गा रहे हैं। आपसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा। उन्होंने सही कहा था, लेकिन वो विलेन बन गए।
अभिजीत ने आगे कहा कि वह चाहे कैसा भी गाएं, लेकिन हमेशा लाइव परफॉर्म करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं जैसा भी गाऊंगा, गलत गाऊंगा, खराब गाऊंगा, गला खराब है, थक जाऊंगा, बेसुरा गाऊंगा, लेकिन जो भी गाऊंगा लाइव गाऊंगा। सिंगर ने दर्शकों और कार्यक्रम के आयोजकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लोग अपना समय और पैसा खर्च करके कलाकारों को सुनने आते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे दर्शकों के भरोसे को बनाए रखें।
दरअसल, दलेर मेहंदी उत्तराखंड में एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी प्रस्तुति के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही उनकी परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए। मंत्री ने कहा था कि जब वह ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे हैं, तो गाएंगे कैसे? इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया। बाद में मंत्री ने एएनआई से बातचीत में बताया कि दलेर मेहंदी को इस परफॉर्मेंस के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे।