Aamir Khan And Kareena Kapoor First Meeting: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और करीना कपूर खान की ऑन-स्क्रीन जोड़ी दर्शकों को कई फिल्मों में पसंद आई है। दोनों ने '3 इडियट्स', 'तलाश' और 'लाल सिंह चड्ढा' जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। हालांकि, करीना के साथ आमिर की पहली मुलाकात उस वक्त हुई थी, जब अभिनेत्री महज 12 साल की थीं। आमिर ने खुद इस मुलाकात का दिलचस्प किस्सा शेयर किया था।
'कॉफी विद करण' के दौरान करीना कपूर ने आमिर खान से पूछा था कि जब उन्होंने उन्हें पहली बार देखा था, तब उनका पहला इंप्रेशन क्या था। इस पर आमिर ने बताया कि उन्हें आज भी वह मुलाकात याद है। आमिर के मुताबिक, करीना अपनी बहन करिश्मा कपूर के साथ 'अंदाज अपना अपना' के सेट पर आती थीं और वहां बैठकर शूटिंग को ध्यान से देखा करती थीं। उस समय करीना करीब 12 साल की थीं और उन्हें वह बेहद प्यारी और क्यूट लगी थीं। एक छोटी-सी प्यारी लड़की सेट पर बैठी रहती थी और सभी को बड़े ध्यान से देखती थी।
इसी बातचीत के दौरान आमिर खान ने करीना कपूर से भी पूछा था कि उनकी कौन-सी आदत उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करती है। करीना ने आमिर की परफेक्शन की आदत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आमिर चाहते हैं कि हर चीज बिल्कुल उसी तरह हो, जैसी वह सोचते हैं। जब तक काम उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होता, तब तक वह संतुष्ट नहीं होते। करीना के मुताबिक, यह आदत गलत नहीं है, लेकिन कभी-कभी थोड़ी परेशान करने वाली जरूर हो सकती है।
करीना कपूर और आमिर खान ने पहली बार 2009 की फिल्म '3 इडियट्स' में साथ काम किया था। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर ने रैंचो और करीना ने पिया का किरदार निभाया था। इसके बाद दोनों 2012 में आई ‘तलाश: द आंसर लाइज़ विदिन’ में नजर आए। फिल्म में आमिर ने इंस्पेक्टर सूरजन शेखावत और करीना ने रोजी का किरदार निभाया था। दोनों की आखिरी ऑन-स्क्रीन जोड़ी 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में दिखाई दी। इसमें आमिर लाल सिंह चड्ढा और करीना रूपा डिसूजा के किरदार में नजर आई थीं।