रावण के रूप में यश का पहला ऑफिशियल पोस्टर आउट, ‘रामायण’ में दिखा उनका खतरनाक अवतार

Yash Ravana Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' से रॉकिंग स्टार यश का रावण के रूप में पहला ऑफिशियल पोस्टर रिलीज हो गया है। शाही अंदाज और दमदार अवतार में यश काफी प्रभावशाली लग रहे हैं।
Yash Ravana Look In Ramayana
एक्टर यश(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Yash Ravana Look In Ramayana: निर्माता नमित मल्होत्रा की फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। नितेश तिवारी के डायरेक्शन में आकार ले रही इस भव्य सिनेमाई यात्रा से जुड़ी हर नई जानकारी का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। इसी उत्सुकता के बीच मेकर्स ने फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे रॉकिंग स्टार यश का पहला ऑफिशियल पोस्टर जारी कर दिया है। इस पहली झलक ने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और उनके लुक की हर तरफ तारीफ हो रही है।

तीखी निगाहों से छाया रावण का लुक

सामने आए इस शानदार पोस्टर में यश का लुक बेहद भव्य और शक्तिशाली नजर आ रहा है। कीमती रत्नों से जड़े चमकदार सुनहरे मुकुट, मोतियों की कई परतों वाली मालाओं और भारी सोने के कड़ों से सजे यश का व्यक्तित्व पूरे फ्रेम पर हावी दिखता है।

उनकी तीखी निगाहें और आक्रामक तेवर लंकापति रावण के अपार ज्ञान, शक्ति और सम्राट वाले रूप को बखूबी बयां करते हैं। पोस्टर से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस पौराणिक रोल को पर्दे पर उतारने के लिए किस स्तर की भव्यता का इस्तेमाल किया गया है।

रणबीर कपूर और साई पल्लवी के साथ दिखेंगे दिग्गज

यह फिल्म केवल यश के लुक के साथ-साथ अपनी स्टारकास्ट को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म में बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के रोल में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा हनुमान के शक्तिशाली रूप में सनी देओल और लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे। इस मेगा बजट प्रोजेक्ट को अब तक के सबसे बड़े सिनेमाई अनुभव के रूप में तैयार किया जा रहा है।

दिवाली 2026 और 2027 पर दो पार्ट में रिलीज होगी महागाथा

नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार ऑस्कर पुरस्कार जीत चुके डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही यह दो पार्टस वाली महागाथा वैश्विक स्तर पर रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के खास मौके पर सिनेमाघरों और IMAX में दस्तक देगा, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम जैसी प्रमुख भारतीय भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com