मुंबई: महाराष्ट्र में महायुति प्रचंड जीत की ओर अग्रसर है। महायुति में शामिल एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लिए यह अपनी साख बचाने और खुद काे साबित करने का चुनाव था। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक शिवसेना 57 और एनसपी 38 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं महायति में शामिल बीजेपी ने 126 सीटों पर बढ़त बनाई है। इन रुझानों को देखते हुए महायुति में जश्न का माहौल है।
महायुति एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने के लिए तैयार है। महायुति की जीत का जश्न मनाने के लिए ठाणे में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के निवास पर लड्डू बांटे जा रहे हैं।
महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों पर लोकसभा सदस्य और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र श्रीकांत शिंदे ने उद्धव ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) पर तंज कसते हुए शनिवार को कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव का जनादेश यह दिखाता है कि बाल ठाकरे के आदर्शें को कौन आगे लेकर जा रहा है।
एकनाथ शिंदे ने जून 2022 में उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत की थी जिससे बाद महा विकास अघाड़ी सरकार गिर गई थी। इसके बाद उनके नेतृत्व में सरकार बनी और वह शिवसेना के नए धड़े का नेतृत्व कर रहे हैं। शिवसेना के दोनों गुट बाल ठाकरे की विरासत को सही मायनों में आगे बढ़ाने का दावा करते हैं।
श्रीकांत शिंदे ने संवाददाताओं से कहा कि जनादेश का श्रेय मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को जाता है। कल्याण से लोकसभा सदस्य ने कहा कि महायुति सरकार द्वारा लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं की लोगों तक पहुंच और मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा' को रोजाना लोगों के लिए खुले रखने के कारण शानदार जीत हुई है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे ने कहा कि "लाडकी बहिन योजना ने जादू कर दिया। बहनें अपने भाइयों के पीछे मजबूती से खड़ी रहीं। लोगों ने दिखाया कि बालासाहेब के आदर्शों को कौन आगे ले जा रहा है।"
सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि "मैं महायुति के सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। पीएम मोदी, अमित शाह भाई, जेपी नड्डा सभी ने हमारा समर्थन किया। उन्होंने महाराष्ट्र को प्राथमिकता दी। मुझे गर्व है कि मैंने जो कहा था कि हम 200 सीटें जीतेंगे, वह सही साबित हुआ है। हमने एक टीम की तरह लड़ाई लड़ी।"