मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए कोशिशों में लगे हुए हैं। शिवसेना के दोनों गुटों में अब मुस्लिम मतदाताओं को अपनी ओर करने की हाेड़ लग गई है। इस बीच मुंबई की दिंडोशी विधानसभा सीट से महायुति और महा विकास अघाड़ी के प्रत्याशियों ने मुस्लिम वोटर्स को लुभाने के लिए उर्दू में पर्चे छपवाए हैं। दोनों ही दलों के उम्मीदवारों ने मुस्लिम समाज के लिए किए गए उनके कामों को इन पर्चों के माध्यम से बताया है।
महायुति और महा विकास अघाड़ी के उम्मदवारों ने मुस्लिम मतदाताओं से उन्हें वोट देने की अपील की है। महायुति और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता संजय निरुपम ने उर्दू में पम्प्लेट छपवाकर मुसलमानों के लिए उनके द्वारा किए कामों को बताया। साथ ही कहा कि मुझे कामयाब बनाएं।
यह भी पढ़ें:- नाना पटोले के ‘कुत्ता’ वाली टिप्पणी पर जुबानी छिड़ी जंग, BJP नेता किरीट सोमैया ने किया पलटवार
संजय निरुपम के पम्प्लेट में लिखा है कि सांसद रहते इलाके की मस्जिद का मामला हल कराया, मुस्लिम बच्चियों को मौलाना आजाद छात्रवृत्ति दिलाई, निर्दोष मुस्लिम बच्चों को जेल से छुड़ाया का काम किया। हिंदू मुस्लिम सौहार्द्र बनाए रखने की कोशिश करना। मुस्लिम महिलाओं को मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना का फायदा दिलाना
वहीं दूसरी ओर महा विकास अघाड़ी और उद्धव गुट के प्रत्याशी सुनील प्रभु ने उर्दू में छपे पर्चे में लिखा कि "2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर दिन बुधवार को होगा। महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार), समाजवादी और कई अन्य पार्टी मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।"
"शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार सुनील प्रभु ने विधायक रहते मुसलमानों और मुस्लिम इलाके के लिए काम किए हैं। इस बार तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं। मुस्लिम मतदाताओं से अपील है कि तीन नंबर का बटन दबाकर शिवसेना (यूबीटी) के सुनील प्रभु को भारी मतों से विजयी बनाएं।"
यह भी पढ़ें:- हमने 370 को जमीन में गाड़ दिया, पीएम मोदी बोले- अब वापस लाने की कोशिश नहीं होगी कामयाब
बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है। मुंबई की दिंडोशी विधानसभा सीट पर शिवसेना के दाेनों गुटों में कांटे के मुकाबला होने की उम्मीद है। इस सीट से दोनों ही प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।