AAP Protest Delhi: दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसद प्रदर्शन कर रहे है। इसी बीच आम आदमी पार्टी भी विरोध प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतर आई है। इसको देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है। AAP ने भी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने सड़क पर उतर आई है।
आम आदमी पार्टी के द्वारा कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 10 तारीख को देशव्यापी आंदोलन होगा। जिसका केंद्र जंतर-मंतर होगा। देशव्यापी आंदोलन की हुंकार कॉकरोच जनता पार्टी ने किया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा हम उस होने वाले प्रदर्शन का समर्थन कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। जंतर-मंतर क्षेत्र में कई परतों वाली बैरिकेडिंग की गई है और दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों तथा रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले के प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच, अतिरिक्त पुलिस पिकेट और निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान घटनाओं की रिकॉर्डिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में बॉडी कैमरों का इस्तेमाल भी शुरू किया है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया गया है।
प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था को रोकना है। वहीं, आम आदमी पार्टी और विपक्षी दलों का कहना है कि उनका प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए है। राजनीतिक माहौल गरमाने के बीच दिल्ली पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे और आम लोगों की आवाजाही पर कम से कम असर पड़े।
फिलहाल राजधानी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं और हालिया घटनाओं को देखते हुए पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।