दिल्ली में तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई, फोटो- सोशल मीडिया 
दिल्ली

आर्थिक तंगी से तंग आकर युवक ने मां, भाई-बहन को धतूरे वाला लड्डू खिलाकर मारा; फिर खुद किया सरेंडर

Laxmi Nagar Murder: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में आर्थिक तंगी से परेशान 25 वर्षीय यशबीर ने अपनी मां, बहन और भाई की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण किया।

प्रतीक पाण्डेय

Delhi Triple Murder: दिल्ली के लक्ष्मी नगर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक युवक ने अपनी मां और भाई-बहनों को धतूरे वाला लड्डू खिलाकर बेहोश किया और फिर उनका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में रहने वाले 25 वर्षीय यशबीर सिंह ने सोमवार को एक ऐसी खौफनाक साजिश रची जिसने सबको दहला दिया। सूत्रों के अनुसार, यशबीर सोमवार सुबह यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास एक मंदिर गया और वहां लगे एक पौधे से धतूरे के बीज इकट्ठा किए। घर लौटकर उसने इन जहरीले बीजों को लड्डू में मिलाया और अपनी मां कविता (46), बहन मेघना (24) और 14 वर्षीय छोटे भाई मुकुल को खिला दिया। जैसे ही परिवार के तीनों सदस्य बेहोश हुए, यशबीर ने दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच मफलर से गला घोंटकर उनकी जान ले ली।

"मम्मी ने कहा था सबको मारकर मरना", दिल दहला देने वाला दावा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे की जो वजह बताई, वह चौंकाने वाली है। यशबीर ने दावा किया कि उसका परिवार पिछले काफी समय से गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उसके पिता, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं, पिछले छह महीनों से परिवार के साथ नहीं रह रहे थे। आरोपी का दावा है कि उसकी मां ने एक दिन पहले उससे कहा था, "अगर तुम मरना ही चाहते हो, तो पहले परिवार के सभी सदस्यों को मार डालो और फिर मरो"। हालांकि, पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है।

1.5 करोड़ की इंश्योरेंस पॉलिसी, सुसाइड के नाकाम प्रयास

जांच में यह भी सामने आया कि यशबीर ने लगभग 1.5 करोड़ रुपये की टर्म लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी ले रखी थी। वह पिछले दो महीनों से आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था, जिसमें उसने एक्सीडेंट प्लॉट करने, सांप के काटने का नाटक करने और यहां तक कि हवा का इंजेक्शन लगाने जैसे खतरनाक प्रयास किए, लेकिन वह हर बार बच गया।

पुलिस स्टेशन पहुंचकर कबूला जुर्म

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी यशबीर शाम करीब 5 बजे खुद लक्ष्मी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिसकर्मियों के सामने अपना जुर्म कबूल किया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस टीम सुभाष चौक स्थित उसके घर पहुंची, जहां तीनों के शव बरामद हुए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मौत केवल गला घोंटने से हुई या इसमें जहर का भी हाथ था। घटना के समय यशबीर की पत्नी घर पर नहीं थी, लेकिन पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

Kal Ka Mausam: 16 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया अलर्ट

PM मोदी ने याद किए महाराष्ट्र के तीन आदिवासी वीर, जानिए राघोजी भांगरे, भागोजी नाईक और बाबूराव शेडमाके की कहानी

हिल काउंसिल चुनाव का विरोध पड़ा भारी? सोनम वांगचुक 60 दिनों के लिए हाउस अरेस्ट, जाने क्या है पूरा मामला

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जा रहा अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

श्रीगंगानगर ब्लास्ट: प्यार और पैसों के जाल में फंसाकर ISI ने रची रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश, दो गिरफ्तार