Delhi Schools Bomb Hoax Email: देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह तीन स्कूलों को बम की धमकी मिली है। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बम की धमकी तीनों स्कूलों को ईमेल पर आई। धमकी मिलने के तुरंत बाद सतर्कता बरतते हुए स्कूलों को खाली कराया गया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली स्थित सरदार पटेल स्कूल,ब्रिटिश स्कूल और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल समेत कई अन्य स्कूलों को भी इसी तरह धमकी भरा ईमेल मिला है।
धमकी भरे मेल की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य टीमें तुरंत संबंधित स्कूलों में पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
दमकल विभाग के मुताबिक, मंगलवार सुबह धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से धमकी को लेकर कॉल आई थी। सूचने मिलते ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गए और स्कूलों को खाली कराया गया।
स्कूल खाली कराने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने गहनता से पूरे कैंपस की जांच की लेकिन सुरक्षा टीम को कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षाबलों ने बम की धमकी को अफवाह बताया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। जांच के बाद दिल्ली पुलिस स्कूल को आए ईमेल का सोर्स पता लगाने की कोशिश कर रही है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि सरदार पटेल विद्यालय की जांच के दौरान स्कूल में कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। अधिकारी ने इस धमकी को फर्जी करार दिया। उन्होंने जानकारी दी कि सरदार पटेल स्कूल को भी बम की धमकी मिलने के तुरंत बाद खाली करा लिया गया था।
इसके साथ ही स्कूलों ने भी नोटिस जारी किए। स्कूल नोटिस के मुताबिक, मिडिल स्कूल के छात्रों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं। सीनियर स्कूल के छात्रों के भी अधिकतर एग्जाम्स पूरे हो गए थे। बाकी बचे बच्चों की परीक्षाओं पर स्कूल अन्य सभी पहलुओं पर गहनता से विचार करने के बाद ही फैसला लेगा।