पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी से जुड़ी दंपत्ति सोर्स- IANS
दिल्ली

दिल्ली-NCR में चल रहा था जासूसी का खेल, पाकिस्तानी नेटवर्क का भंडाफोड़, कपल गिरफ्तार

Pakistani Spy Arrest: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली-NCR में सक्रिय पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। वे सिम कार्ड भेजकर जासूसी कर रहे थे।

अनन्या तिवारी

Pakistani Spy Network Busted In Delhi: देश की राजधानी और उसके आसपास के इलाकों (दिल्ली-एनसीआर) में देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की एक बड़ी कोशिश को दिल्ली पुलिस ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े एक सक्रिय जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवा पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के लिए काम कर रहे थे।

जांच में सामने आया है कि यह दंपति साल 2024 से ही सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में था।

दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे भारतीय सिम कार्ड, बदले में मिले पैसे

दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है। साहिल सबसे पहले एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था, जिसके बाद उन दोनों की मुलाकात एक कथित पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी (PIO) से कराई गई।

पुलिस की जांच में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि साल 2024 और 2025 के दौरान इस दंपति ने कथित तौर पर 8 भारतीय सिम कार्ड जुटाए और उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेज दिया। इन सिम कार्डों को पाकिस्तान पहुंचाने के बदले में उन्हें करीब 30 हजार रुपये का भुगतान किया गया था।

व्हाट्सऐप ग्रुप में घुसपैठ और मिलिट्री कैंट की रेकी की साजिश

इस जासूसी मॉड्यूल का काम करने का तरीका बेहद शातिराना था। पुलिस का दावा है कि पाकिस्तान भेजे गए इन भारतीय सिम कार्डों का इस्तेमाल वहां व्हाट्सऐप अकाउंट चालू करने के लिए किया गया। इसके बाद, इन भारतीय नंबरों के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स ने भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रवेश किया और वहां से संवेदनशील जानकारियां जुटाने का प्रयास किया।

इतना ही नहीं, आरोपी साहिल को भारत में अलग-अलग जगहों पर सैन्य छावनी (कैंटोनमेंट) इलाकों की रेकी (जासूसी) करने का काम भी सौंपा गया था। उसे विशेष रूप से उन आर्मी जवानों की संवेदनशील जानकारी निकालने के लिए कहा गया था, जिनके कोर्ट मार्शल की कार्यवाही ट्रिब्यूनल में लंबित है।

व्हाट्सऐप चैट खंगालने पर खुले कई बड़े राज

साहिल से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी समीरा को भी गिरफ्तार कर लिया, क्योंकि पाकिस्तानी हैंडलर्स को भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध कराने में उसकी मुख्य भूमिका थी। पुलिस ने जब उनके मोबाइल फोन का फोरेंसिक विश्लेषण किया, तो साहिल, समीरा और उनके पाकिस्तानी हैंडलर्स के बीच व्हाट्सएप चैट सहित कई आपत्तिजनक बातचीत बरामद हुईं।

इस पूरी पूछताछ से पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव्स के काम करने के तरीके, उनके मॉड्यूल की संरचना और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए स्लीपर सेल्स व ओवर-ग्राउंड वर्कर्स के साथ तालमेल बिठाने के तरीकों के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। दिल्ली पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम देकर देश विरोधी जासूसी गतिविधियों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया है।

कौन हैं आरोपी साहिल और समीरा?

पकड़े गए आरोपी मोहम्मद साहिल का जन्म साल 2001 में हुआ था। उसने IGNOU से बीए करने के बाद एलएलबी करने की योजना बनाई थी और इसके लिए एक वकील के साथ काम करना भी शुरू किया था, लेकिन जून 2025 में उसने वह नौकरी छोड़ दी। साहिल के पिता मोहम्मद अशफाक साल 1982 में उत्तर प्रदेश के बदायूं से दिल्ली आकर सराय काले खां में बस गए थे, जहां वे कार मैकेनिक का काम करते हैं।

वहीं, उसकी पत्नी समीरा का जन्म साल 2005 में हुआ था और उसने दिल्ली से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉरेस्पोंडेंस के जरिए बीए किया। गिरफ्तारी से पहले वह नोएडा के एक कॉल सेंटर में काम कर रही थी। उसके पिता नदीम साल 1996 में यूपी के बिजनौर से आकर दिल्ली के शकूरपुर में बस गए थे। साहिल और समीरा की मुलाकात साल 2022 में हुई थी, जिसके बाद उन्होंने शादी कर ली।

सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर बड़ा विवाद, पेंगुइन इंडिया ने प्रकाशन से किया इनकार

VIDEO: जंतर-मंतर आंदोलन के बाद जेपी नड्डा से मिले आरक्षण हटाओ आंदोलन के नेता, जानें क्या हुई बात

Kolkata: बिलबोर्ड हटाने पहुंची KMC टीम से भिड़े TMC कार्यकर्ता, 13 गिरफ्तार; अभिषेक समेत कई नेताओं पर FIR

गुजरात में 28 लोगों की मौत, चांदीपुरा वायरस के कहर से परेशान लोग, 257 संदिग्ध मामले आए सामने

अंकित बालियान को लगी 9 गोलियां, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, फायरिंग का CCTV वीडियो भी आया सामने