Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में आज मौसम ने करवट ले ली है। रविवार की सुबह लोगों की नींद खुलने से पहले ही राजधानी में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। भले ही बारिश ज्यादा तेज नहीं थी, लेकिन इससे तापमान में गिरावट आई और गर्मी का असर कुछ कम हो गया। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही दिल्ली में बारिश की संभावना जताई थी। इसी के चलते रविवार तड़के दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। रविवार होने के कारण लोग अभी सो ही रहे थे कि मौसम ने अपना रंग बदल लिया। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर गरज-चमक भी देखने को मिल रही है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 20 मार्च के बीच दिल्ली में गर्मी ज्यादा परेशान नहीं करेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 18 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई गई है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में काले बादलों का डेरा है, जिसके कारण दिन में भी हल्का अंधेरा सा माहौल देखने को मिल रहा है।
दिल्ली के पड़ोसी राज्यों राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें- अगले 5 दिन 20 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तूफान का तांडव, जानिए कैसा रहेगा आपके शहर का हाल
राजस्थान में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 मार्च को भी इन राज्यों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इन दोनों दिनों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।