नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंपा है। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद आम आदमी पार्टी की लीडर आतिशी संभालने वाली हैं।
दूसरी तरफ बुधवार दोपहर 11.30 बजे हुई आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अगले सीएम के तौर पर आतिशी मार्लेना के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिस पर सभी विधायकों ने मुहर लगाई थी। वहीं, अब आतिशी के शपथ ग्रहण को लेकर भी जानकारी भी सामने आ गई है।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली की नई CM आतिशी हैं ‘करोड़पति’, लेकिन केजरीवाल के मुकाबले अब भी नेट वर्थ में पीछे
सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ऐलान किया था कि वह दो दिन बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा था कि जब तक जनता का फैसला नहीं आ जाता, वह सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव इसी साल नवंबर में कराए जाएं।
रविवार को केजरीवाल ने इस्तीफे के ऐलान के साथ यह भी कहा था कि जब तक जनता उन्हें ईमानदारी का प्रमाण-पत्र नहीं दे देती तब तक वह सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला भी बोला था।
इस्तीफे के बाद फिलहाल आतिशी मार्लेना के शपथ ग्रहण तक वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आतिशी मार्लेना गुरुवार यानी 19 सितंबर को दिल्ली की नई मुखिया के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगी! हालांकि अभी पार्टी की तरफ से इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें:- Delhi New CM: शपथ से पहले ही AAP नेता आतिशी का बन गया मजाक, स्वाति मालीवाल ने कह दी ये बड़ी बात