बिरला ओपन माइंड्स स्कूल (सोर्स- सोशल मीडिया)
सरगुजा (अंबिकापुर)

अंबिकापुर में स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदा 9वीं का छात्र, प्रबंधन के 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Ambikapur School News: घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया है। मामले में 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुआ है।

चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में 9वीं के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाई।

  • गंभीर रूप से घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।

  • परिजनों का आरोप है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और उसे कथित तौर पर जबरन रोका गया।

  • गांधीनगर पुलिस ने असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की।

  • पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्कूल की हॉस्टल व्यवस्था और प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठे हैं।

Ambikapur School Hostel Incident: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कक्षा 9वीं के छात्र ने स्कूली की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की है। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया है। मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। घटना के बाद हॉस्टल की व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

दिवाली की छुट्टी के बाद लौटा था हॉस्टल

मामला शहर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, छात्र बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का निवासी है और स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसकी पढ़ाई के लिए उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस हॉस्टल लौटा था।

दो दिन पहले हॉस्टल से भागा था छात्र

बताया जा रहा है कि 22 नवंबर को छात्र हॉस्टल से भाग गया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन उसे वापस लेकर आया और दोबारा हॉस्टल में रख दिया। परिजनों का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल में कथित तौर पर कैद रखा गया था। इसी तनाव के चलते रविवार शाम उसने हॉस्टल की दूसरी मंजिल के रोशनदान से छलांग लगा दी। हादसे में उसके हाथ, दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग अंबिकापुर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि छात्र के हॉस्टल से भागने और वहां रहने से इनकार करने की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई। उनका यह भी कहना है कि स्थानीय अभिभावक छात्र को लेने पहुंचे थे, लेकिन उसे उनके सुपुर्द नहीं किया गया।

JJ एक्ट के तहत चार लोगों पर FIR

गांधीनगर थाना पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और HR कुणाल के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इसी स्कूल में पहले भी एक शिक्षक द्वारा छात्र से कथित तौर पर 100 गालियां लिखवाने का मामला सामने आया था। उस समय DEO ने जांच की थी और प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया था। ताजा घटना ने एक बार फिर स्कूल की व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है।

ट्रेन में अब नहीं मिलेगी पहले जैसी खाने की थाली, 8-10 की जगह परोसेंगे सिर्फ 4 आइटम; जानें नया मेन्यू

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा