

बैलाडीला में भूस्खलन का मलबा 7 से 8 किमी तक फैला।
हजारों पेड़-पौधे मलबे में दबे, चार जलस्रोत प्रभावित।
सैकड़ों वन्यजीवों के मलबे में दबने की आशंका।
कांग्रेस जांच दल ने NMDC प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप।
बारिश हुई तो मलबा खिसकने से तबाही बढ़ने की आशंका।
Chhattisgarh Bailadila Landslide : बैलाडीला की पहाड़ियों में हुए भीषण भूस्खलन ने जंगल और पर्यावरण को कितना बड़ा नुकसान पहुंचाया है, इसकी भयावह तस्वीर अब सामने आने लगी है। पहाड़ से खिसका मलबा करीब 7 से 8 किलोमीटर तक फैल चुका है। हजारों पेड़-पौधे मलबे में दफन हो गए हैं।
चार प्राकृतिक जलस्रोत प्रभावित हुए हैं और सैकड़ों वन्यजीवों के मलबे में दबकर खत्म होने की आशंका है। सोमवार को कांग्रेस के जांच दल ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और NMDC प्रबंधन को जमकर घेरा।
कांग्रेस जांच दल के संयोजक एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने इस घटना के लिए NMDC प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन से हजारों पेड़-पौधे और जीव-जंतु खत्म हो गए हैं। इतनी बड़ी पर्यावरणीय क्षति को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस मामले में NMDC प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस जांच दल के मुताबिक NMDC प्रबंधन ने मलबे का फैलाव महज 2 से 3 किलोमीटर बताया था, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान मलबा करीब 7 से 8 किलोमीटर तक फैला नजर आया। इसकी चपेट में जंगल का बड़ा हिस्सा आ चुका है। हजारों पेड़-पौधे मलबे में दब गए हैं। चार जलस्रोतों के प्रभावित होने और सैकड़ों वन्यजीवों के मारे जाने की आशंका भी जताई गई है।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि मलबा अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। धीरे-धीरे खिसक रहे मलबे की चपेट में अब भी पेड़-पौधे और जीव-जंतु दब रहे हैं। कांग्रेस जांच दल ने आशंका जताई कि यदि इस बीच बारिश होती है तो हालात और भयावह हो सकते हैं। मलबे के आगे बढ़ने से जंगल के और बड़े हिस्से, जलस्रोतों तथा वन्यजीवों को नुकसान पहुंच सकता है।
कांग्रेस जांच दल ने NMDC प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना का सामान्यीकरण करना उचित नहीं है। किसी इंसान की मौत नहीं हुई, यह राहत की बात हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हजारों पेड़ों का खत्म होना, जलस्रोतों का प्रभावित होना और वन्यजीवों का अस्तित्व संकट में पड़ना कोई बड़ी घटना नहीं है।
जांच दल ने मांग की कि पूरे प्रभावित क्षेत्र का वैज्ञानिक और स्वतंत्र सर्वे कराया जाए। मलबे की वास्तविक सीमा, पेड़ों की क्षति, जलस्रोतों की स्थिति और वन्यजीवों को हुए नुकसान का आकलन सार्वजनिक किया जाए। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदारी तय कर NMDC प्रबंधन पर उचित कार्रवाई की जाए।