बकरी चोरी करने लग्जरी कार से पहुंचे शातिर चोर।
रात के अंधेरे में बकरियां चुराकर भागे आरोपी।
आवाज सुनकर महिला की खुल गई नींद।
महिला के जागते ही चोरों का प्लान बिगड़ गया।
लग्जरी कार से चोरी की कोशिश का मामला चर्चा में।
Chhattisgarh Goat Theft News: सरगुजा में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान हो गया है। लखनपुर थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी की खास बात यह है कि चोरों ने किसी दुकान, मकान या फिर कीमती सामानों पर हाथ साफ नहीं किया है बल्कि घर में रखें बकरे और बकरियों की चोरी कर फरार हो गए हैं। चोर चोरी करने लग्जरी कर में पहुंचे थे। चोरों ने चोरी करने के बाद घर के दरवाजे में बाहर से कुंडी लगा दी ताकि घर वाले बाहर ना निकल सके।
चोरी के कई किस्से और मामले आपने देखे और सुने होंगे, मगर सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में सुने मकान, दुकान या फिर बेस कीमती सोने और चांदी के जेवरातों को छोड़कर अज्ञात चोर अब बकरी चोरी कर रहें है। लखनपुर के ग्राम बंधा चारपारा से चोरी की यहां घटना सामने आई है। यहां रहने वाली पीड़ित महिला श्यामपति ने बताया कि बीती रात जब वह अपने घर में सो रही थी तो देर रात कार में सवार अज्ञात चोर उसके घर पहुंचे और दरवाजे में बाहर से कुंडी लगाकर तीन से चार बकरी और बकरों की चोरी कर ली।
इधर आवाज सुनकर महिला जब उठी तो पड़ोसियों को जगाने की बहुत कोशिश की मगर बाहर से कुंडी बंद होने के कारण महिला की आवाज कोई नहीं सुन सका महिला को जगा देख कर चोर वाहन में बकरी बकरा लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह होते ही पड़ोसी जब घर से बाहर निकले तो महिला ने आवाज देकर अपना घर खुलवाया और घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी।
जिसके बाद पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत थाने में की है और कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि सरगुजा जिले में बकरी चोरी करने का यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी बकरी चोरी करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कई मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है तो अब भी कई मामलों में पुलिस के हाथ खाली हैं। अब देखना होगा कि एक बार फिर लखनपुर क्षेत्र में सक्रिय हुए बकरी चोरों को पुलिस कब तक गिरफ्तार कर पाती है।