अंबिकापुर में रूहानी ताकत और जिन्न के नाम पर ठगी का मामला सामने आया।
आरोपी नौशाद पर करीब एक साल से लोगों को झांसे में लेने का आरोप।
निसंतान दंपतियों, महिलाओं और बच्चों से जुड़ी समस्याएं दूर करने का दावा करता था।
शिकायतकर्ताओं ने करीब एक करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया, सैकड़ों लोग पहुंचे थाने।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कथित ठगी के नेटवर्क की जांच शुरू की।
Chhattisgarh Baba Fraud Case: जिन्न से संपर्क, रूहानी ताकत और तंत्र विद्या से हर परेशानी दूर करने का दावा… सुनने में भले ही यह किसी फिल्म की कहानी लगे, लेकिन अंबिकापुर में इसी तरह के दावों के बीच कथित ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति खुद को बाबा बताकर लोगों की निजी और पारिवारिक समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाता था।
निसंतान दंपतियों को संतान सुख दिलाने से लेकर बच्चों और महिलाओं की परेशानियां खत्म करने तक के दावे किए जाते थे। फिर शुरू होता था पैसों की मांग और कथित तंत्र विद्या का खेल। देखते ही देखते कई लोग उसके झांसे में आ गए। मामला तब खुला, जब सैकड़ों की संख्या में लोग शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंच गए। शिकायतकर्ताओं ने करीब एक करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी नौशाद अंबिकापुर के रसूलपुर इलाके में रहकर करीब एक साल से लोगों को अपने झांसे में ले रहा था। उसने अपना ठिकाना 'बाबे शिफा' नाम से बना रखा था। यहां पहुंचने वाले लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिलाया जाता था। आरोप है कि वह जिन्न, रूहानी ताकत और तंत्र विद्या के जरिए हर मुश्किल दूर करने का दावा करता था।
लोगों का आरोप है कि कथित बाबा खासतौर पर बच्चों और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर परेशान परिवारों को निशाना बनाता था। निसंतान दंपतियों को संतान सुख दिलाने और घर-परिवार की परेशानियां दूर करने का भरोसा दिया जाता था। इसके बदले अलग-अलग कामों के नाम पर मोटी रकम मांगी जाती थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसी तरह उनसे लाखों रुपये वसूले गए।
थाने पहुंचे लोगों ने आरोपी पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामला सिर्फ अंबिकापुर तक सीमित नहीं हो सकता। संभाग के दूसरे इलाकों में भी इसी तरह लोगों को झांसे में लेने और पैसे वसूलने की शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, ठगी की वास्तविक रकम और पीड़ितों की संख्या पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही उस व्यक्ति की भूमिका की जांच की मांग भी की, जिसने कथित तौर पर नौशाद को इलाके में लाकर ठहराया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी धार्मिक आस्था और निजी परेशानियों का फायदा उठाकर उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
शिकायतों के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नौशाद को हिरासत में लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कथित ठगी का तरीका क्या था, कितने लोग इसका शिकार हुए और कितनी रकम वसूली गई। दूसरे इलाकों से सामने आ रही शिकायतों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस कथित ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।