टिकरापारा के चार महीने पुराने सामूहिक मौत के मामले में पुलिस जांच से हुआ खुलासा।
पुलिस के मुताबिक, साजिद ने पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक मिली मिठाई खिलाई थी।
सीसीटीवी फुटेज में रात से सुबह तक परिवार के सदस्यों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं।
परिवार के चारों सदस्यों की मौत के बाद साजिद ने भी फांसी लगाकर जान दे दी।
Chhattisgarh Family Tragedy: टिकरापारा इलाके में चार माह पहले कर्ज और गरीबी से परेशान होकर साजिद अली (51) ने खुदकुशी की थी। इससे पहले उसने अपने पूरे परिवार को खत्म किया। पत्नी राबिया बेगम परवीन (38) और बेटा इरशाद अली (21), शाहिना परवीन (18), हीरशिबा परवीन (13) को खाने की चीज में जहर दिया।
इसके बाद चार घंटे से अधिक समय तक उन्हें तड़पते हुए देखता रहा। जब सभी की मौत हो गई तब उसने फांसी लगा ली। पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ। अब साजिद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था।
साजिद अपने परिवार के साथ संजय नगर के मदनी चौक में सैय्यद उमेर के घर पर किराएदार के रूप में रहता था। 16-17 जुलाई की रात करीब 12 बजे साजिद अपने घर पहुंचा। वह कीटनाशक मिली मिठाई लाया था, जिसे उसने अपनी पत्नी और बच्चों को खिलाया। कुछ देर बाद चारों को उल्टियां होने लगी।
चारों बाथरूम आने-जाने लगे। सीसीटीवी फुटेज में चारों का आना-जाना रिकार्ड हुआ है। यह सिलसिला सुबह करीब 4.27 बजे तक चलता रहा। सुबह होते-होते सभी की मौत हो गई। इसके बाद साजिद ने 10.10 बजे आखिरी बार कमरे का भीतर से दरवाजा बंद किया। फिर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
साजिद 2008 में प्रदेश कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ रायपुर शहर उपाध्यक्ष रह चुका था। इस कारण गोलबाजार इलाके में नेताजी के नाम से लोग जानते थे। कुछ सालों बाद गोलबाजार और डंगनिया इलाके में साजिद मोबाइल से सट्टा चलाता था।
सट्टे का काम बंद होने के बाद वह दूसरा काम नहीं कर सका। सट्टेबाजी के दौरान 5 साल के भीतर उसके बैंक खाते में 70 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ। कुछ समय तक बैटरी दुकान में काम किया। इस दौरान कुछ लोगों से उसने कर्ज लिया था। गरीबी और कर्ज से परेशान होकर उसने पूरी घटना को अंजाम दिया।