रायपुर नवजात तस्करी सोर्स - सोशल मीडिया
रायपुर

रायपुर नवजात तस्करी कांड: अस्पताल से 8 राज्यों में बेचे 26 बच्चे, डॉक्टर गिरफ्तार, एसआईटी गठित

Raipur Newborn Trafficking Racket : रायपुर से 8 राज्यों में 26 नवजात बच्चों को बेचने वाले गिरोह का खुलासा हुआ, पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार किया।

ऐश्वर्या द्विवेदी

HIGHLIGHTS

  • रायपुर के निजी अस्पताल से 8 राज्यों में बेचे 26 नवजात

  • 12 लाख तक बिकते थे लड़के, धर्म पूछकर होता था सौदा

  • सड़क पर महिलाओं के झगड़े से खुला बच्चा चोर गिरोह

  • सिर्फ 3 डिलीवरी हुईं पर बना दिए 26 फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र

  • नवजात तस्करी मामले में डॉक्टर गिरफ्तार, एसआईटी ने शुरू की जांच

Raipur Child Selling Gang : रायपुर से देश के 8 राज्यों में 26 नवजात बच्चों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गुढ़ियारी के दिवाकर अस्पताल को लीज पर लेकर यह अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। यहां सिर्फ 3 डिलीवरी हुईं, लेकिन 26 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र तैयार किए गए। गिरोह लड़कों को 12 लाख और लड़कियों को 5 लाख रुपए में बेचता था। पुलिस ने अस्पताल संचालक को गिरफ्तार कर एसआईटी जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल बना तस्करी का अड्डा

सिंडिकेट ने गुढ़ियारी के बसंत विहार स्थित दिवाकर अस्पताल को लीज पर लिया था। इस अस्पताल में केवल 3 बच्चों की ही डिलीवरी कराई गई थी। इसके बावजूद वहां से 26 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इन्हीं नकली दस्तावेजों के सहारे नवजातों को दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। पुलिस ने अस्पताल के संचालक डॉ. खिर सिंधु महानंद को गिरफ्तार कर लिया है।

धर्म और जाति पूछकर होता था सौदा

जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि बच्चे खरीदने वाले दंपती उनकी जाति और धर्म तक पूछते थे। गिरोह के बिचौलिए निसंतान दंपतियों की जानकारी जुटाकर उनसे संपर्क करते थे। सौदे में लड़कियों की कीमत 5 लाख रुपए तय थी। वहीं लड़कों को 10 से 12 लाख रुपए तक में बेचा जाता था। कई महिलाओं ने आर्थिक तंगी के कारण खुद ही अपने बच्चे गिरोह को सौंपे थे।

सड़क विवाद से खुला पूरा राज

इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश आजाद चौक इलाके में हुआ। वहां सड़क पर दो महिलाओं के बीच पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो पूरे सिंडिकेट की परतें खुलती चली गईं। आरोपियों के मोबाइल से नवजात बच्चों के वीडियो भी बरामद हुए हैं। इस रैकेट में डॉक्टर, दलाल, केयरटेकर, अकाउंटेंट और नगर निगम कर्मियों की मिलीभगत सामने आई है।

8 राज्यों तक फैला था जाल

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लोग शामिल हैं। आरोपियों ने बिलासपुर के अलावा बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई, नागपुर और चेन्नई में बच्चों को बेचा है। मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी बच्चों के सौदे होने के सुराग मिले हैं।

एसआईटी ने तेज की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है। आईपीएस मानसी साकोरे के नेतृत्व में 8 सदस्यीय टीम जांच कर रही है। टीम मुख्य आरोपी कृतिका साहू से मिले सबूतों के आधार पर बेचे गए बच्चों की तलाश कर रही है।

भारत में बच्चों को गोद लेने के लिए केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण यानी कारा के सख्त नियम हैं। इसके अलावा हिंदू दत्तक ग्रहण एवं भरण-पोषण अधिनियम, 1956 के तहत भी कानूनी प्रक्रिया तय है। पैसे देकर बच्चा खरीदना या बेचना एक गंभीर अपराध है।

महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण! समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज

फिल्म धुरंधर से बिल्कुल अलग है दाऊद इब्राहिम की असली जिंदगी? पूर्व FBI एजेंट कामरान फरीदी ने किए कई बड़े दावे

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: 419 पंचायत समितियों में 275 में कांग्रेस जीती, भाजपा को सिर्फ 63

Explainer: क्या सच में भारत में मुसलमानों की आबादी 2070 में हिंदुओं से ज्यादा हो जाएगी?

राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस का दबदबा, परिषद से लेकर पंचायत समिति तक बीजेपी हारी; जानें 3 वजहें