ताड़ोकी-रावघाट रेल और अभनपुर-कुरुद ब्रॉड गेज रेल लाइन का होगा उद्घाटन।
रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद ट्रेन को मिलेगी हरी झंडी।
इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ और शिलान्यास।
Two New Train in Bastar Division: छत्तीसगढ़ रेल नेटवर्क की दो नई सौगातें मिलने जा रही हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेलवे मंडल स्थित ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरुद ब्रॉड गेज लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद ट्रेन सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ होगा।
कार्यक्रम में रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। यह सुविधा बनने के बाद इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव का काम रायपुर में ही हो सकेगा। उद्घाटन, शुभारंभ और शिलान्यास मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के हाथों होगा। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। आयोजन रायपुर और रावघाट रेलवे स्टेशन पर होगा।
कार्यक्रम में सांसदों की उपस्थिति भी रहेगी। राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, रंजीत रंजन, लक्ष्मी वर्मा, के अलावा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, भोजराज नाग और रूपकुमारी चौधरी के नाम शामिल होंगे। ताड़ोकी-रावघाट लाइन बस्तर अंचल को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक अहम कड़ी मानी जाती है। रावघाट क्षेत्र लौह अयस्क के लिए जाना जाता है और नई रेल सेवा से इलाके की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं अभनपुर-कुरुद ब्रॉड गेज लाइन से रायपुर और धमतरी जिले के बीच यात्रा सुगम होगी। अब तक इस मार्ग पर नैरो गेज की छोटी लाइन थी।
रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी रेल संचालन को मजबूत करने के साथ स्थानीय स्तर पर तकनीकी रोजगार के अवसर भी बढ़ा सकती है। नई ट्रेन सेवाओं से इन इलाकों के लोगों को रायपुर आने-जाने, इलाज, पढ़ाई और व्यापार के लिए सस्ता और सीधा साधन मिलेगा। ग्रामीण अंचलों के लिए यह लंबे समय से प्रतीक्षित मांग रही है। कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।