पेंड्रावन जलाशय में खनन लीज पर विवाद।
भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा।
117 साल पुराने जलाशय पर खतरे की आशंका।
खनन और ब्लास्टिंग से सुरक्षा पर सवाल।
सरकार को बताया किसान विरोधी।
Chhattisgarh Raipur Pendravan Reservoir : पेंड्रावन जलाशय के कैचमेंट एरिया में लाइमस्टोन खनन के लिए दी गई लीज को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए खनन की अनुमति पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में जुटी है। बघेल ने मौजूदा सरकार को किसान विरोधी करार दिया।
भूपेश बघेल ने कहा कि पेंड्रावन जलाशय करीब 117 साल पुराना है। इसके निर्माण के लिए उस समय ग्रामीणों ने अपनी जमीन और बस्ती तक छोड़ दी थी। ग्रामीणों की शर्त थी कि जलाशय का नाम पेंड्रावन गांव के नाम पर ही रखा जाए।
उन्होंने कहा कि यह जलाशय केवल एक जल संरचना नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के किसानों की सिंचाई और आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है।
बघेल ने कहा कि जलाशय के कैचमेंट एरिया में लाइमस्टोन की उपलब्धता के कारण लंबे समय से सीमेंट कंपनियों की नजर इस क्षेत्र पर रही है। इससे पहले भी यहां खनन के लिए लीज देने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन किसानों के विरोध के बाद उसे निरस्त करना पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में खनिज मंत्री रहते हुए उन्होंने इस प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ने दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग और डैम सेफ्टी बोर्ड की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जलाशय के कैचमेंट एरिया में खनन और ब्लास्टिंग से इसकी सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इससे जलाशय की संरचना और जल संचय क्षमता पर खतरा पैदा होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि यदि जलाशय प्रभावित होता है तो इसका सीधा असर उन गांवों के किसानों पर पड़ेगा, जो सिंचाई के लिए इसी जलस्रोत पर निर्भर हैं।
बघेल ने आरोप लगाया कि इन तमाम आशंकाओं और पूर्व में हुए विरोध के बावजूद मौजूदा सरकार ने दोबारा खनन के लिए लीज दे दी। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि किसानों के हितों और जलाशय की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।