

डिप्टी CM अरुण साव के जन्मदिन का जश्न बना जनता के लिए मुसीबत।
पुलिस ग्राउंड में कार्यक्रम से बंद हुआ रास्ता।
अग्रसेन चौक, सत्यम चौक और मगरपारा रोड पर लगा लंबा जाम।
ट्रैफिक डायवर्जन की सूचना नहीं मिलने से लोग परेशान।
प्रशासन की यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल।
Chhattisgarh Traffic Jam : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया। जन्मदिन के जश्न और आयोजन की तैयारियों के बीच यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और अपने गंतव्य तक पहुंचने निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। हालात ऐसे बने कि लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जश्न किसी का था, लेकिन इसकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ी।
दरअसल पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के चलते प्रशासन ने उस मार्ग को आम लोगों के आवागमन के लिए बंद कर दिया था। हालांकि यातायात डायवर्ट किए जाने और सड़क बंद होने की जानकारी लोगों को पहले से नहीं दी गई।
नतीजतन रोजमर्रा के काम से निकले लोग अचानक बंद रास्ते और जाम के बीच फंसकर रह गए। समय रहते वैकल्पिक मार्गों की जानकारी नहीं मिलने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
कार्यक्रम के चलते अग्रसेन चौक, सत्यम चौक और मगरपारा रोड पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते इन मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक जाम में फंसे नजर आए। कई लोग अपने जरूरी काम छोड़कर जाम खुलने का इंतजार करते रहे। इस दौरान लोगों में नाराजगी और बेबसी साफ दिखाई दी। जाम में फंसे लोग व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए मंत्री और आयोजनकर्ताओं को भी कोसते नजर आए।
सबसे बड़ा सवाल प्रशासन की यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों पर उठ रहा है। जब पुलिस ग्राउंड में इतने बड़े आयोजन की योजना पहले से तय थी, तो आम नागरिकों को इसकी जानकारी देने और यातायात सुचारू रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या सड़क बंद करने से पहले वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था और सार्वजनिक सूचना जारी करना प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं थी?
जन्मदिन का आयोजन करना किसी का भी निजी या सार्वजनिक अधिकार हो सकता है, लेकिन इसकी वजह से आम नागरिकों को घंटों परेशान होना पड़े, यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जनता की सेवा और सुविधा की जिम्मेदारी संभालने वाले जनप्रतिनिधियों के आयोजनों से ही जब जनता को परेशानी उठानी पड़े, तो नाराजगी स्वाभाविक है। बहरहाल इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर वीआईपी आयोजनों के दौरान आम लोगों की सहूलियत और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।